महासमुंद 26 सितम्बर 2025 : छत्तीसगढ़ की होनहार बेटी दिव्या रंगारी ने अपने शानदार खेल प्रदर्शन से भारत का परचम लहराया है। 13 से 19 सितंबर तक मलेशिया में आयोजित अंडर-16 एशियन वूमेन्स बास्केटबॉल चैंपियनशिप 2025 में दिव्या ने अपनी टीम के साथ दमदार प्रदर्शन करते हुए गोल्ड मेडल भारत की झोली में डाला। आठ साल बाद इस टूर्नामेंट में भारत ने धमाकेदार वापसी करते हुए इतिहास रच दिया।
भारत की टीम में महासमुंद की दिव्या छत्तीसगढ़ की अकेली खिलाड़ी थीं। गोल्ड मेडल जीतकर जब वह अपने शहर लौटीं तो गाजे-बाजे, आतिशबाजी और भारत माता की जयकारों के बीच भव्य स्वागत हुआ। पूरा महासमुंद गर्व और उत्साह से झूम उठा।
स्वागत समारोह के दौरान दिव्या ने कहा— “किसी भी परिस्थिति में घबराएं नहीं, डटकर मुकाबला करें, तभी जीत मिलेगी।” उन्होंने अपनी इस बड़ी उपलब्धि का श्रेय अपने कोच, माता-पिता और बास्केटबॉल संघ को दिया। दिव्या के पिता ने गर्व से कहा— “अब लोग हमें हमारी बेटी के नाम से पहचानते हैं, यह हमारे लिए सबसे बड़ी खुशी है। खेल प्रेमियों और समाज के लोगों ने भी दिव्या की इस सफलता को छत्तीसगढ़ ही नहीं, बल्कि पूरे भारत के लिए गौरव की उपलब्धि बताया।
