भिलाई, दुर्ग। नवरात्र की पंचमी के अवसर पर भिलाई के छावनी थाना क्षेत्र में शनिवार रात चुनरी यात्रा के दौरान सांप्रदायिक तनाव की स्थिति बन गई। शीतला मंदिर, कैंप-2 से निकली चुनरी यात्रा जब शारदा पारा पहुंची, तो चटाई पारा के कुछ बच्चों द्वारा कथित गाली-गलौज के बाद विवाद इतना बढ़ गया कि मारपीट, चाकूबाजी और पत्थरबाजी तक पहुंच गया। इस झगड़े में दोनों पक्षों के छह लोग घायल हुए, जिनमें दो के सिर पर गंभीर चोटें आई हैं।
चाकू, बांस और पत्थरों से हमला
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार विवाद शुरू तो बच्चों की आपसी कहासुनी से हुआ, लेकिन जल्द ही बड़े लोग भी इसमें शामिल हो गए। चुनरी यात्रा में शामिल लोगों ने आरोप लगाया कि दूसरे पक्ष ने चाकू से हमला किया, वहीं दूसरे पक्ष का आरोप है कि यात्रा में शामिल लोगों ने बांस, पाइप और पत्थरों से हमला किया।
घायल हुए बजरंग दल पदाधिकारी
घटना में बजरंग दल के प्रदेश महामंत्री मुकेश सोनकर सहित आकाश सोनकर, कमल सोनकर और उमेश सोनकर घायल हुए हैं। उन्हें उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। बजरंग दल और सोनकर समाज के लोगों ने आरोप लगाया कि चुनरी यात्रा के दौरान जानबूझकर यात्रा पर पथराव किया गया।
आधी रात थाने का घेराव, भारी बल तैनात
घटना के बाद रात करीब 12:30 बजे बजरंग दल के कार्यकर्ता और सोनकर समाज के लोग बड़ी संख्या में छावनी थाने पहुंच गए और आरोपियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग को लेकर घेराव कर दिया। स्थिति को नियंत्रण में रखने के लिए छावनी थाना क्षेत्र में भारी पुलिस बल तैनात किया गया है।
दो आरोपी गिरफ्तार, क्षेत्र में तनाव
पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए शारदा पारा निवासी साहिल कुरैशी और सोनू कुरैशी को गिरफ्तार किया है। थाना परिसर में पुलिस ने सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए हैं ताकि कोई अप्रिय घटना न हो। महिलाओं ने भी थाने पहुंचकर पुलिस से सुरक्षा और नियमित पेट्रोलिंग की मांग की।
प्रशासन की सतर्कता
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि स्थिति अब नियंत्रण में है, और मामले की निष्पक्ष जांच की जा रही है। अभी तक पथराव की पुष्टि नहीं की गई है। पुलिस ने शांति बनाए रखने की अपील की है और अफवाहों से बचने की चेतावनी दी है।
