
बलौदाबाजार – कसडोल क्षेत्र में अवैध शराब के कारोबार पर लगाम लगाने के लिए आबकारी विभाग द्वारा लगातार कड़ी कार्रवाई की जा रही है। सहायक आबकारी अधिकारी जलेश सिंह के नेतृत्व में चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत पिछले एक महीने में कई मामलों में आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है, जिससे अवैध कारोबारियों में हड़कंप मच गया है।
सूत्रों के अनुसार, बीते कुछ हफ्तों में क्षेत्र के विभिन्न इलाकों में छापेमारी कर बड़ी मात्रा में देशी और विदेशी अवैध शराब जब्त की गई है, साथ ही अवैध शराब बनाने और बेचने में संलिप्त कई आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।
सहायक आबकारी अधिकारी जलेश सिंह ने सख्त लहजे में कहा कि “कसडोल क्षेत्र में अवैध शराब कारोबार किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। जो भी व्यक्ति इस गैरकानूनी कार्य में लिप्त पाया जाएगा, उसे कानून के तहत कठोर सजा दिलाई जाएगी। किसी को भी बख्शा नहीं जाएगा।”
स्थानीय नागरिकों ने भी इस कार्रवाई की सराहना की है और उम्मीद जताई है कि इस तरह की निरंतर निगरानी और कठोर कदमों से क्षेत्र में अवैध शराब की समस्या पर प्रभावी नियंत्रण पाया जा सकेगा।
आबकारी विभाग की इस मुहिम से जहां प्रशासन की सक्रियता सामने आई है, वहीं अवैध धंधे में लिप्त लोगों के खिलाफ एक कड़ा संदेश भी गया है। आने वाले समय में विभाग द्वारा और भी सघन जांच और कार्यवाहियों की योजना बनाई जा रही है।
