खंडवा में दुर्गा विसर्जन हादसा : ट्रैक्टर-ट्रॉली तालाब में गिरी, 8 बच्चियों समेत 13 की मौत

मध्य प्रदेश के खंडवा जिले में दुर्गा प्रतिमा विसर्जन के दौरान बड़ा हादसा हो गया। पंधाना थाना क्षेत्र के अर्दला गांव में गुरुवार शाम ट्रैक्टर-ट्रॉली तालाब में पलट गई। हादसे में 8 बच्चियों समेत 13 लोगों की मौत हो गई, जबकि तीन लोगों की हालत गंभीर बताई जा रही है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार ट्रॉली में 20 से 25 लोग सवार थे।

जानकारी के मुताबिक शाम करीब 4 बजे प्रतिमा विसर्जन के लिए ग्रामीण तालाब की ओर जा रहे थे। इसी दौरान कच्चे पुल पर खड़ी ट्रैक्टर-ट्रॉली अचानक तालाब में गिर गई। उसमें सवार सभी लोग गहरे पानी में डूब गए। हादसा होते ही वहां चीख-पुकार मच गई। ग्रामीणों ने हिम्मत दिखाते हुए 10-15 लोगों ने तालाब में छलांग लगाकर डूबते लोगों को बचाने की कोशिश की।

प्रत्यक्षदर्शी प्रदीप जगधन्ने ने बताया कि तालाब में करीब 50 फीट गहराई है। उन्होंने बताया कि हमने खुद 9 लोगों को बाहर निकाला। इनमें से 3 को जिंदा पाया गया जिन्हें खंडवा जिला अस्पताल रेफर किया गया है।

सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची। जेसीबी और रेस्क्यू टीम की मदद से तलाशी अभियान शुरू किया गया। रात 8 बजे तक 13 शवों को बाहर निकाला जा चुका था। बाकी लापता लोगों की तलाश जारी है।

हादसे के बाद क्षेत्र में मातम का माहौल है। मृतकों में अधिकांश महिलाएं और बच्चियां शामिल हैं। पुलिस-प्रशासन ने घटना की जांच शुरू कर दी है।