धमतरी, 6 अक्टूबर। जिले के भटगांव क्षेत्र में रविवार की शाम एक दिल दहला देने वाला सड़क हादसा हुआ। नशे में धुत एक तेज रफ्तार इको कार चालक ने सड़क पर चल रहे कई लोगों को टक्कर मार दी। हादसे में एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि पांच लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। बताया जा रहा है कि आरोपी चालक ने करीब 3 किलोमीटर तक लोगों को रौंदते हुए कार दौड़ाई और एक व्यक्ति को लगभग 300 मीटर तक घसीटता चला गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, हादसा उस समय हुआ जब गंगरेल की ओर से आ रही सफेद रंग की इको कार ‘दीदी की रसोई’ नामक स्थान के पास पहुंची। चालक ने पहले एक राहगीर को टक्कर मारी। इसके बाद घबराए ड्राइवर ने कार की रफ्तार और बढ़ा दी और साइकिल व बाइक सवारों को भी टक्कर मार दी।
स्थानीय लोगों ने बताया कि कार के नीचे फंसे व्यक्ति को ड्राइवर काफी दूर तक घसीटता रहा। मौके पर मौजूद लोगों ने घटना का वीडियो भी बनाया, जो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
हादसे के बाद लोगों ने कार का पीछा किया। कार गोकुलपुर के पास खेतों में जा घुसी, जहां ग्रामीणों ने घेराबंदी कर आरोपी चालक को पकड़ लिया और पुलिस के हवाले कर दिया।
रुद्री थाना पुलिस मौके पर पहुंची और कार को जब्त कर लिया गया है। पुलिस ने बताया कि चालक नशे की हालत में था, जिसके खिलाफ लापरवाही से वाहन चलाने और गैरइरादतन हत्या का मामला दर्ज किया गया है। घायलों को उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जिनमें दो की हालत गंभीर बताई जा रही है।
