रायपुर। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की रायपुर जिला कार्यकारिणी की घोषणा सोमवार देर शाम की गई। जिलाध्यक्ष रमेश ठाकुर ने नई टीम में कुल 35 पदाधिकारियों को शामिल किया है। नई कार्यकारिणी में युवाओं और अनुभवी कार्यकर्ताओं का संतुलन साधते हुए संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने पर जोर दिया गया है।
कार्यकारिणी में ललित जयसिंघ को एक बार फिर जिला उपाध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी गई है। वहीं सत्यम दुबे, अकबर अली, नवीन शर्मा समेत कई सक्रिय कार्यकर्ताओं को पदाधिकारी बनाया गया है। पार्टी ने इस बार उन कार्यकर्ताओं को प्राथमिकता दी है जो लंबे समय से संगठन में सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं।

जिलाध्यक्ष रमेश ठाकुर ने कहा कि भाजपा की यह नई टीम संगठन के विस्तार के साथ ही आगामी नगरीय निकाय चुनावों की तैयारी में जुट जाएगी। उन्होंने कहा — “प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में भाजपा प्रदेश में लगातार मजबूत हो रही है। रायपुर जिला संगठन इस सशक्त अभियान का केंद्र बनेगा।”
नई टीम के गठन के बाद कार्यकर्ताओं में उत्साह देखा जा रहा है और संगठन ने इसे आने वाले चुनावी दौर की दिशा तय करने वाला कदम बताया है।
