रायपुर। मौसम विभाग ने छत्तीसगढ़ में अगले दो दिनों तक हल्की से मध्यम बारिश की संभावना जताई है। इस दौरान कई इलाकों में बादल गरजने, बिजली गिरने और आंधी-तूफान जैसी गतिविधियां देखने को मिल सकती हैं। वहीं, 9 अक्टूबर से उत्तर छत्तीसगढ़ में वर्षा और गरज-चमक की तीव्रता में कमी आने की संभावना है।
मौसम विभाग ने बुधवार को राज्य के 11 जिलों — बस्तर, कोंडागांव, कांकेर, धमतरी, गरियाबंद, महासमुंद, जांजगीर-चांपा, रायगढ़, जशपुर, सरगुजा और बलरामपुर — के लिए यलो अलर्ट जारी किया है। इन जिलों में तेज आंधी और बिजली गिरने की चेतावनी दी गई है।
विभाग ने लोगों को सलाह दी है कि खराब मौसम के दौरान खुले स्थानों में जाने से बचें और पेड़ों या बिजली के खंभों के नीचे शरण न लें। अन्य जिलों में मौसम सामान्य रहने की संभावना जताई गई है।
मौसम विशेषज्ञों के अनुसार, यह परिवर्तन बंगाल की खाड़ी में बने एक कम दबाव के क्षेत्र के प्रभाव से हो रहा है, जिसके चलते प्रदेश के दक्षिण और मध्य हिस्सों में नमी बढ़ी है और बादल छाए हुए हैं।
