जयपुर । जयपुर-अजमेर हाईवे पर मंगलवार रात एक भीषण हादसे में दहशत का माहौल बन गया। रात करीब 10 बजे मोखमपुरा (दूदू) के पास LPG गैस सिलेंडर से भरे खड़े ट्रक को तेज रफ्तार केमिकल टैंकर ने टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि टैंकर के केबिन में तुरंत आग लग गई और कुछ ही देर में आग सिलेंडरों तक पहुंच गई, जिससे जोरदार धमाके होने लगे।
एक के बाद एक फटे 200 सिलेंडर, खेतों तक गिरे टुकड़े
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, टक्कर के बाद लगभग 200 गैस सिलेंडरों में धमाके हुए। धमाकों की आवाज 10 किलोमीटर दूर तक सुनाई दी। कुछ सिलेंडर धमाके के प्रभाव से 500 मीटर दूर खेतों तक जा गिरे। पूरा इलाका धमाकों से थर्रा उठा और दो घंटे तक सिलेंडरों के फटने का सिलसिला चलता रहा।
एक व्यक्ति जिंदा जला, 5 वाहन खाक
हादसे में एक व्यक्ति की जिंदा जलने से मौत हो गई। वहीं पास में खड़े 5 अन्य वाहन भी आग की चपेट में आकर जलकर खाक हो गए। राहत और बचाव कार्य में जुटी दमकल की 12 गाड़ियों को आग पर काबू पाने में करीब 3 घंटे लग गए।
RTO से बचने की कोशिश में हुआ हादसा
प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि हादसे से ठीक पहले RTO की गाड़ी को देखकर टैंकर ड्राइवर ने वाहन ढाबे की तरफ मोड़ने की कोशिश की, इसी दौरान उसका नियंत्रण बिगड़ा और वह खड़े ट्रक से जा टकराया। बताया जा रहा है कि ट्रक में कुल 330 सिलेंडर लदे थे, जिनमें से बड़ी संख्या में धमाके हुए।
हाईवे 6 घंटे रहा बंद
हादसे के बाद हाईवे के दोनों ओर ट्रैफिक रोक दिया गया। मौके पर पुलिस और प्रशासन के अधिकारी पहुंचे। आग बुझाने और सड़क साफ करने का काम देर रात तक चला। बुधवार सुबह करीब 4:30 बजे हाईवे को दोबारा खोला गया।
