दीपावली पर मिट्टी के दीयों को बढ़ावा देने जिला प्रशासन की पहल कलेक्टर दीपक सोनी ने दिए निर्देश – दीये बेचने आने वाले ग्रामीणों से नहीं लिया जाएगा कर

बलौदाबाज़ार, 8 अक्टूबर 2025। दीपावली पर्व के मद्देनज़र स्वदेशी परंपरा और स्थानीय कारीगरों को बढ़ावा देने के उद्देश्य से जिला प्रशासन ने एक सराहनीय पहल की है। कलेक्टर दीपक सोनी ने आदेश जारी करते हुए कहा है कि दीपावली के दौरान मिट्टी के दीये बेचने के लिए बाजार आने वाले ग्रामीणों से किसी भी प्रकार का कर या शुल्क नहीं वसूला जाएगा।

कलेक्टर ने निर्देश दिए हैं कि नगरपालिका एवं नगर पंचायत क्षेत्र के अधिकारी यह सुनिश्चित करें कि मिट्टी के दीये विक्रय करने आने वाले कुम्हारों और ग्रामीणों को किसी प्रकार की असुविधा न हो। उन्होंने कहा कि दीपावली जैसे पारंपरिक त्योहारों में स्वदेशी उत्पादों का उपयोग न केवल सांस्कृतिक धरोहर को जीवित रखता है, बल्कि स्थानीय अर्थव्यवस्था को भी सशक्त बनाता है।

कलेक्टर सोनी ने आम नागरिकों से अपील की कि वे दीपावली के अवसर पर मिट्टी के दीयों और स्वदेशी वस्तुओं का उपयोग करें, जिससे स्थानीय कारीगरों को प्रोत्साहन मिले और ‘वोकल फॉर लोकल’ अभियान को बल मिले।

जिला प्रशासन के इस निर्णय का व्यापारी संगठनों और स्थानीय कुम्हार समुदाय ने स्वागत किया है। इससे ग्रामीण कारीगरों को अपने उत्पादों की बिक्री के बेहतर अवसर मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।