नई दिल्ली 10 अक्टूबर 2025 : भारत और वेस्टइंडीज के बीच दूसरा टेस्ट नई दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में खेला जा रहा है। भारत ने टॉस जीतकर बैटिंग करने का फैसला किया। पहले दिन के आखिरी सेशन का खेल जारी है।
भारत ने 2 विकेट खोकर 318 रन बना लिए हैं। यशस्वी जायसवाल और कप्तान शुभमन गिल पिच पर हैं। दोनों के बीच फिफ्टी पार्टनरशिप पूरी हो चुकी है। यशस्वी ने टेस्ट करियर में पांचवीं बार 150 रन का आंकड़ा पार किया, वे 7वां शतक लगा चुके हैं।
साई सुदर्शन 87 रन बनाकर आउट हुए। उन्हें जोमेल वारिकन ने LBW किया। इसी के साथ उनकी यशस्वी के साथ 193 रन की साझेदारी टूटी। वारिकन ने केएल राहुल (38 रन) को भी आउट किया।
यशस्वी जायसवाल ने 82वें ओवर में अपने 150 रन पूरे कर लिए। उन्होंने खैरी पीयर के ओवर की दूसरी गेंद पर सिंगल लिया और इस माइलस्टोन को हासिल किया। यशस्वी ने भारत में मुकाबले के पहले दिन दूसरी बार 150 रन का आंकड़ा पार किया। 2024 में इंग्लैंड के खिलाफ विशाखापट्टनम के मैदान पर भी वे ऐसा कर चुके हैं।
यशस्वी से पहले घरेलू मैदान पर विराट कोहली ही ओपनिंग दिन पर 2 बार 150+ रन बनाने वाले खिलाड़ी थे। कोहली ने 2016 में विशाखापट्टनम में इंग्लैंड और दिल्ली में श्रीलंका के खिलाफ यह रिकॉर्ड बनाया था। यशस्वी ने शुक्रवार को कोहली की बराबरी कर ली।
