अजय चंद्राकर बोले – “टीएस सिंहदेव को बना देंगे एक दिन का मुख्यमंत्री”

बिलासपुर। छत्तीसगढ़ की सियासत में एक बार फिर टीएस सिंहदेव और मुख्यमंत्री पद को लेकर बयानबाजी तेज हो गई है। पूर्व मंत्री और बीजेपी विधायक अजय चंद्राकर ने चुटकी लेते हुए कहा कि “हम टीएस सिंहदेव को एक दिन का मुख्यमंत्री बना देंगे। अगर वो चाहें तो साय की कुर्सी पर बैठाकर उनकी यह इच्छा पूरी कर देंगे। हम सीएम बनाकर उनका सम्मान कर देंगे, क्योंकि कांग्रेस में तो उनका कुछ होना नहीं है।”

दरअसल, पूर्व उपमुख्यमंत्री टीएस सिंहदेव ने हाल ही में कहा था कि कांग्रेस आने वाले चुनाव “सामूहिक नेतृत्व” में लड़ेगी। साथ ही उन्होंने कहा कि “मैं कभी नहीं कहूंगा कि मुझे मुख्यमंत्री नहीं बनना है। ऐसा कौन कहेगा कि मुझे सीएम नहीं बनना है।”

इसी बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए बिलासपुर पहुंचे अजय चंद्राकर ने तंज कसा कि सिंहदेव की सीएम बनने की हसरत कांग्रेस में कभी पूरी नहीं हो सकती, क्योंकि “गांधी परिवार ने उन्हें धोखा दिया है।”

सिंहदेव बोले – सामूहिक नेतृत्व में चुनाव लड़ेगी कांग्रेस

बिलासपुर दौरे पर पहुंचे टीएस सिंहदेव ने कहा कि “कांग्रेस 2028 के विधानसभा चुनाव में सामूहिक नेतृत्व के साथ उतरेगी, जैसा कि राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे पहले ही कह चुके हैं।”
सीएम पद की चर्चा पर उन्होंने कहा, “पहले भी मेरा नाम चला, लेकिन पार्टी का निर्णय सर्वोपरि होता है। मैं कभी नहीं कहूंगा कि मुझे मुख्यमंत्री नहीं बनना है।”

CJI पर जूता फेंकने की घटना पर बोले सिंहदेव

इसी दौरान जब मीडिया ने सिंहदेव से CJI पर जूता फेंकने के मामले पर सवाल पूछा तो उन्होंने कहा कि “देश में राजनीतिक लाभ के लिए समाज को बांटने का काम किया जा रहा है। सर्वोच्च संवैधानिक पद पर बैठे व्यक्ति का अपमान करना संविधान का अनादर है। धर्म और जाति की राजनीति से देश का माहौल दूषित हो रहा है।”

राजनीतिक गर्मी तेज

अजय चंद्राकर और टीएस सिंहदेव के इन बयानों से प्रदेश की राजनीति में फिर हलचल मच गई है। जहां कांग्रेस नेता अपने सामूहिक नेतृत्व की बात दोहरा रहे हैं, वहीं बीजेपी नेता इस पर तंज कसने का कोई मौका नहीं छोड़ रहे हैं।