5 दिन से चल रहा कुलियों का प्रदर्शन समाप्त — रेलवे प्रशासन से बनी सहमति

5 दिन से चल रहा कुलियों का प्रदर्शन समाप्त — रेलवे प्रशासन से बनी सहमति

रायपुर। दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के रायपुर मंडल में पिछले 5 दिनों से जारी कुलियों का आंदोलन अब समाप्त हो गया है। पोर्टर यूनियन को अपनी दो प्रमुख मांगों पर रेल प्रशासन से सकारात्मक आश्वासन मिलने के बाद आंदोलन स्थगित करने की घोषणा की गई।

इस आंदोलन के कारण यात्रियों को काफी असुविधा का सामना करना पड़ रहा था, लेकिन अब स्टेशन पर कामकाज और यात्रियों की आवाजाही सामान्य हो गई है।

✴️ ये थीं कुलियों की दो प्रमुख मांगें

1️⃣ निविदा शर्तों में संशोधन:
कुलियों ने मांग की थी कि भविष्य में रेलवे की किसी भी निविदा में यह शर्त अनिवार्य रूप से जोड़ी जाए कि निजी व्यक्तियों या एजेंसियों को शामिल नहीं किया जाएगा।
रेल प्रशासन ने इस मांग को स्वीकार करते हुए आधिकारिक रूप से शर्त संशोधित करने का आश्वासन दिया है।

2️⃣ लाइसेंसी पोर्टरों को प्राथमिकता:
कुलियों की दूसरी मांग थी कि अगर रेलवे यात्री सेवा या बैटरी कार संचालन किसी बाहरी एजेंसी को सौंपती है, तो लाइसेंसी पोर्टरों के हितों की रक्षा सुनिश्चित की जाए।
रेल प्रशासन ने इस पर सहमति जताई है और कहा गया है कि नियमों के तहत लाइसेंसी पोर्टरों को प्राथमिकता दी जाएगी।

कुली एसोसिएशन के अध्यक्ष थानेश्वर साहू और संरक्षक दिनेश तरुण चटर्जी ने बताया कि मंडल रेल प्रबंधक ने दोनों मांगों को स्वीकार कर निविदा में संशोधन का प्रमाणित घोषणापत्र देने का आश्वासन दिया है।
इसके बाद संगठन ने आंदोलन समाप्त करने की घोषणा की, जिससे यात्रियों और रेलवे प्रशासन दोनों को राहत मिली है।