इंदौर में बड़ा सड़क हादसा: विधायक की ट्रेवल्स की बस ने मारी टक्कर, मां-बेटी घायल

इंदौर। शहर में रविवार शाम दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। भाजपा विधायक गोलू शुक्ला की कंपनी बाणेश्वरी ट्रेवल्स की बस ने स्कूटी सवार महिला और उसकी बेटी को सामने से टक्कर मार दी। हादसे में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गईं। राहगीरों ने तुरंत मां-बेटी को अस्पताल पहुंचाया और मौके पर मौजूद लोगों ने बस ड्राइवर को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया।

तुकोगंज थाना पुलिस के अनुसार, खजराना क्षेत्र निवासी अर्शी पति इरशाद अली (29) रविवार शाम अपनी 9 वर्षीय बेटी जर्निश के साथ स्कूटी से जा रही थीं। राजकुमार ब्रिज के पास सामने से आ रही तेज़ रफ्तार बस (क्रमांक MP09 SR 4913) ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। हादसे के बाद दोनों सड़क पर गिर गईं और घायल हो गईं।

राहगीरों ने तुरंत दोनों को शेल्बी अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका इलाज जारी है। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर बस को जब्त कर लिया और ड्राइवर को हिरासत में ले लिया है। प्रारंभिक जांच में पता चला है कि बस बाणेश्वरी ट्रेवल्स के नाम से संचालित होती है, जो विधायक गोलू शुक्ला के परिवार से जुड़ी हुई है।

पुलिस मामले की जांच कर रही है कि हादसे के समय बस कहां से आ रही थी और ड्राइवर कितनी रफ्तार से वाहन चला रहा था। वहीं स्थानीय लोगों ने बस ड्राइवरों की लापरवाह ड्राइविंग पर सख्त कार्रवाई की मांग की है।