गरियाबंद में भी नक्सलियों ने हथियार डालने की घोषणा की….

गरियाबंद 18 अक्टूबर 2025 : छत्तीसगढ़ के जगदलपुर में 210 नक्सलियों के सरेंडर के बाद अब गरियाबंद में भी नक्सलियों ने हथियार डालने की घोषणा की है। उदंती एरिया कमेटी के नक्सली लीडर सुनील ने पर्चा जारी कर इसकी जानकारी दी है। साथ ही अपने साथियों से भी हथियार डालने की अपील की है।

नक्सल लीडर सुनील ने पर्चा में लिखा कि आज की परिस्थितियों के अनुसार हथियार के साथ लड़ाई नहीं लड़ी जा सकती। इसलिए हथियार छोड़ रहे हैं। पहले सोनू दादा ने 60 साथियों के साथ महाराष्ट्र में सरेंडर किया। फिर लीडर रूपेश ने 210 साथियों के साथ हथियार छोड़ा।

सुनील ने लिखा सशस्त्र आंदोलन को विराम दिया है। इन सभी ने सरकार को अपने हथियारों को सौंप दिया है। हथियार बंद संघर्ष को विराम देने के लिए सोनू ने बुकलेट जारी किया है। जिसमें लिखा है कि आज की परिस्थितियों में सशस्त्र आंदोलन चलाना मुश्किल है। अभी हमारे पास मौका है। पहले हमें बचना है, उसके बाद संघर्ष आगे बढ़ाना है।

नक्सल लीडर सुनील ने पर्चे में आगे लिखा है कि फोर्स का दबाव ज्यादा बढ़ गया है। जिस तरह से क्रांति को चला सकते थे, उस तरह से क्रांति को नहीं चला पाए। सेंट्रल कमेटी सही समय पर निर्णय नहीं ले सकी।सभी साथी हथियार बंद को विराम देकर जनांदोलनों के साथ रहकर जनता की समस्याओं को हल करने का प्रयास करेंगे।

सुनील ने पर्चे में लिखा कि हमारी उदंती टीम गरियाबंद में सशस्त्र आंदोलन को विराम करने जा रही है। सभी यूनिट के साथी इस सशस्त्र आंदोलन को विराम देने के लिए आएं हैं। अभी हमारे पास मौका है। पहले हमें बचना है, उसके बाद संघर्ष आगे बढ़ाना है।

सभी यूनिट गोबरा, सीनापाली, एसडीके, सीतानदी से अपील की है कि सोचकर सही फैसला लें। ऐसा न हो कि कहीं देर हो जाए। पहले भी हम अपने कई साथियों को खो चुके हैं। पत्र में मोबाइल नंबर जारी कर 20 अक्टूबर को सभी को एकत्रित होने की अपील की है।