टीवी और फिल्म जगत में शोक: दिग्गज अभिनेता सतीश शाह का निधन, 74 वर्ष की उम्र में मुंबई में ली अंतिम सांस

टीवी और फिल्म जगत में शोक: दिग्गज अभिनेता सतीश शाह का निधन, 74 वर्ष की उम्र में मुंबई में ली अंतिम सांस

मुंबई। फिल्म और टीवी इंडस्ट्री के मशहूर अभिनेता सतीश शाह का शनिवार दोपहर करीब 2:30 बजे मुंबई के हिंदुजा अस्पताल में निधन हो गया। वे 74 वर्ष के थे। जानकारी के मुताबिक, वे लंबे समय से किडनी से जुड़ी बीमारी से जूझ रहे थे और हाल ही में उनका किडनी ट्रांसप्लांट हुआ था। फिलहाल उनका पार्थिव शरीर अस्पताल में ही रखा गया है। अंतिम संस्कार रविवार को किया जाएगा।

सतीश शाह ने अपने शानदार अभिनय और हास्य शैली से दर्शकों के दिलों में खास जगह बनाई थी। उन्हें सबसे ज्यादा लोकप्रियता टीवी शो ‘साराभाई वर्सेज साराभाई’ में निभाए गए ‘इंद्रवदन साराभाई’ के किरदार से मिली। इसके अलावा उन्होंने ‘जाने भी दो यारो’, ‘मैं हूं ना’ (2004), ‘कल हो ना हो’ (2003), ‘फना’ (2006) और ‘ओम शांति ओम’ (2007) जैसी कई सुपरहिट फिल्मों में अपनी बेहतरीन अदाकारी से पहचान बनाई।

साल 2008 में सतीश शाह ने अर्चना पूरन सिंह के साथ पॉपुलर शो ‘कॉमेडी सर्कस’ में बतौर जज काम किया था। उनकी कॉमिक टाइमिंग और जोश ने उन्हें दर्शकों के बीच हमेशा लोकप्रिय बनाए रखा।

सतीश शाह के निधन की खबर से पूरे फिल्म जगत में शोक की लहर है। सोशल मीडिया पर फैंस और सेलेब्रिटीज उन्हें श्रद्धांजलि दे रहे हैं।