पति-पत्नी को एक साथ पीएचडी की उपाधि, कंप्यूटर साइंस में किया उल्लेखनीय शोध

रायपुर। मैट्स यूनिवर्सिटी ने कंप्यूटर साइंस विषय में उत्कृष्ट शोध कार्य के लिए पति-पत्नी प्रियंका यदु (चौरसिया) और अमितेष यदु को पीएचडी की उपाधि प्रदान की है। दोनों ने अपने-अपने शोध कार्यों के माध्यम से तकनीकी क्षेत्र में महत्वपूर्ण योगदान दिया है।

प्रियंका यदु ने “Development of Integrated Framework of HCI and Visual GUI Techniques for Software Testing in Industrial Practice” विषय पर शोध कार्य पूरा किया। यह शोध प्रोफेसर डॉ. भावना नारायण के मार्गदर्शन में संपन्न हुआ। उनके अध्ययन में सॉफ्टवेयर टेस्टिंग को और अधिक प्रभावी एवं यूज़र-फ्रेंडली बनाने के लिए ह्यूमन-कंप्यूटर इंटरफेस (HCI) और ग्राफिकल यूज़र इंटरफेस (GUI) तकनीकों के एकीकृत ढांचे पर ध्यान केंद्रित किया गया।

वहीं अमितेष यदु ने “Enhancement of Security Protocol in E-Voting System using Biometric Authentication” विषय पर शोध किया, जो डॉ. ओमप्रकाश चंद्राकर के मार्गदर्शन में पूर्ण हुआ। उनके शोध का उद्देश्य ई-वोटिंग सिस्टम में सुरक्षा को और सुदृढ़ बनाना तथा बायोमैट्रिक ऑथेंटिकेशन के माध्यम से पारदर्शिता बढ़ाना है।

दोनों शोधार्थी रिटायर्ड लाइब्रेरियन रामहृदय यदु एवं स्वर्गीय सरोज यदु के पुत्र और पुत्रवधू हैं। प्रियंका यदु जल संसाधन विभाग के रिटायर्ड असिस्टेंट इंजीनियर श्यामलाल चौरसिया एवं कुसुमलता चौरसिया की पुत्री हैं।

शोध कार्यों के लिए दोनों को शैक्षणिक जगत में बधाई और शुभकामनाएं मिल रही हैं।