रायगढ़। सतनामी समाज के गुरु घासीदास जी के प्रति आपत्तिजनक टिप्पणी करने वाले सिंधी समाज के युवक विजय राजपूत को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। यह कार्रवाई मंत्री ओपी चौधरी के निर्देश पर की गई है। युवक का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद सतनामी समाज के लोगों ने कड़ा विरोध जताया था और पुलिस अधीक्षक से शिकायत की थी।
मामला रायगढ़ जिले के चक्रधर नगर थाना क्षेत्र का है। जानकारी के अनुसार, 29 अक्टूबर की रात सिंधी कॉलोनी निवासी विजय राजपूत ने शराब के नशे में बाबा गुरु घासीदास के खिलाफ अभद्र और आपत्तिजनक बातें कहीं थीं। उसने सिग्नल चौक पर नशे में यह बातें करते हुए वीडियो भी बनवाया, जो बाद में सोशल मीडिया पर वायरल हो गया।
वीडियो सामने आने के बाद सतनामी समाज में आक्रोश फैल गया। समाज के प्रतिनिधियों ने SP से मुलाकात कर आरोपी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की। इसके बाद पुलिस ने सतनामी समाज के अजय कुमार भारद्वाज की रिपोर्ट पर आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज किया।
विजय राजपूत पर पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 296, 299, 302, 352, 3(5) और SC/ST एक्ट की धारा 3(2)(क) के तहत अपराध दर्ज किया है। वहीं, सिंधी समाज ने भी आरोपी को समाज से बहिष्कृत कर दिया है और कहा है कि ऐसे व्यक्ति का उनके समाज से कोई संबंध नहीं है।
