नशे में धुत डॉक्टर का वीडियो वायरल, मरीज के पैर पर गिरा — कार्रवाई शुरू

सक्ती जिले से एक शर्मनाक मामला सामने आया है। यहां सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) मालखरौदा में पदस्थ डॉक्टर शराब के नशे में मरीज के पैर पर गिरते हुए दिखाई दे रहे हैं। इस पूरी घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया है।

जानकारी के मुताबिक, वीडियो 25 अक्टूबर का बताया जा रहा है। डॉक्टर का नाम कृष्णा कुमार सिदार है, जो ड्यूटी के दौरान नशे की हालत में अस्पताल पहुंचे थे। वीडियो में स्पष्ट रूप से देखा जा सकता है कि डॉक्टर मरीज के पैर के ऊपर गिर जाते हैं और खुद को संभाल नहीं पाते।

मामले की गंभीरता को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग ने डॉक्टर को कारण बताओ नोटिस जारी किया है। वहीं, स्थानीय लोगों में इस घटना को लेकर आक्रोश है। लोगों का कहना है कि जो डॉक्टर मरीजों की सेवा के लिए नियुक्त हैं, वे खुद अपनी जिम्मेदारी भूल रहे हैं।

फिलहाल विभागीय जांच की जा रही है और प्रशासन ने आश्वासन दिया है कि जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की सख्त कार्रवाई की जाएगी।