बिलासपुर में कांग्रेस नेता की हत्या की साजिश का खुलासा, अकबर खान गिरफ्तार — दो मुख्य आरोपी अब भी फरार

बिलासपुर। राजनीतिक वर्चस्व और जमीन के कारोबार को लेकर कांग्रेस के भीतर मचे विवाद ने अब खौफनाक रूप ले लिया है। मस्तूरी गोलीकांड मामले में पुलिस ने कांग्रेस नेता अकबर खान को गिरफ्तार किया है। जांच में खुलासा हुआ है कि कांग्रेस नेता तारकेश्वर पाटले और नागेंद्र राय ने मस्तूरी जनपद उपाध्यक्ष नीतेश सिंह की हत्या की सुपारी दी थी।

फिलहाल पुलिस नागेंद्र राय और तारकेश्वर पाटले की तलाश में जुटी हुई है, लेकिन दोनों अब तक पुलिस की पकड़ से बाहर हैं। वहीं, पुलिस ने हमले के मास्टर माइंड विश्वजीत अनंत, उसके भाई सहित चार आरोपियों को गिरफ्तार कर उनसे पिस्टल और कट्टा बरामद किया है।

🔹 गोलीकांड की पूरी वारदात

28 अक्टूबर की देर शाम मस्तूरी जनपद उपाध्यक्ष नीतेश सिंह के कार्यालय में नकाबपोश शूटरों ने अंधाधुंध फायरिंग की थी। इस दौरान मौके पर मौजूद पूर्व सरपंच चंद्रकांत सिंह और उनके रिश्तेदार राजकुमार सिंह उर्फ राजू सिंह घायल हो गए थे। चंद्रकांत के हाथ में और राजू सिंह के पैर में गोली लगी थी। एक गोली नीतेश सिंह की पीठ को छूकर निकल गई।

नीतेश सिंह ने बचाव में अपनी लाइसेंसी पिस्टल से जवाबी फायर किया, जिसके बाद हमलावर मौके से फरार हो गए। घायल दोनों को तुरंत अपोलो अस्पताल ले जाया गया।

🔹 पुलिस की त्वरित कार्रवाई

घटना के 24 घंटे के भीतर पुलिस ने मास्टर माइंड विश्वजीत अनंत सहित सभी शूटरों को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के दौरान सामने आया कि हत्या की साजिश में कांग्रेस नेता अकबर खान की अहम भूमिका रही।

🔹 साजिश से पहले हुई मीटिंग

एसएसपी रजनेश सिंह ने बताया कि गोलीकांड से ठीक पहले आरोपी विश्वजीत की श्रीकांत वर्मा मार्ग स्थित कांग्रेस नेता अकबर खान के साथ मीटिंग हुई थी। इस मीटिंग का सीसीटीवी फुटेज पुलिस ने जब्त कर लिया है।

जांच में सामने आया है कि अकबर खान अपने करीबी विश्वजीत के जरिए मस्तूरी क्षेत्र में जमीन के सौदों में सक्रिय था। पुलिस को मिले सबूतों के आधार पर अकबर खान को गिरफ्तार किया गया है।

🔹 रिमांड पर चल रही पूछताछ

पुलिस ने चार आरोपियों को रिमांड पर लेकर पूछताछ शुरू की है। उनसे यह जानकारी ली जा रही है कि हथियार और कारतूस कहां से आए और साजिश में और कौन-कौन शामिल थे।