रामनामी समाज के प्रति प्रधानमंत्री की आत्मीयता ने छुआ दिल: मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय

रायपुर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के रायपुर प्रवास के दौरान रजत महोत्सव में एक भावनात्मक दृश्य देखने को मिला। रामनामी समुदाय के प्रतिनिधियों ने प्रधानमंत्री को उनके पारंपरिक मोर मुकुट से अलंकृत किया। इस अवसर को लेकर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने अपनी भावनाएं साझा करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री जी का यह आत्मीय और सहज व्यवहार वास्तव में हृदय को स्पर्श कर गया।

मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रधानमंत्री के रायपुर आगमन से कुछ घंटे पहले ही मंत्रालय में उनकी मुलाकात रामनामी समुदाय के प्रतिनिधियों से हुई थी। उन्होंने प्रधानमंत्री से मिलने की इच्छा प्रकट की, जिसके बाद इसके लिए आवश्यक व्यवस्था सुनिश्चित की गई।

रजत महोत्सव के दौरान जब इन प्रतिनिधियों की प्रधानमंत्री से भेंट हुई, तब उन्होंने बड़े आदर भाव से प्रधानमंत्री जी को मोर मुकुट पहनाने की इच्छा जताई। मुख्यमंत्री साय ने कहा कि प्रधानमंत्री ने जिस आत्मीयता से इस आग्रह को स्वीकार किया, वह भक्ति और विनम्रता का अद्भुत उदाहरण है।

साय ने कहा कि “रामनाम ही जिनका धर्म है, राम भक्ति ही जिनका कर्म है, ऐसा अद्भुत और राममय है हमारा रामनामी समुदाय। इनके शरीर पर अंकित ‘राम’ केवल एक नाम नहीं, बल्कि समर्पण, तपस्या और अटूट आस्था का प्रतीक है।”

मुख्यमंत्री ने आगे कहा कि जो समुदाय अपने तन, मन और जीवन को प्रभु श्रीराम के चरणों में अर्पित कर देता है, उसके प्रति प्रधानमंत्री जी की आत्मीयता, उनके भीतर बसे प्रभु श्रीराम के प्रति समर्पण और भक्ति का प्रत्यक्ष उदाहरण है।

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने लिखा कि यह भाव हमें विश्वास दिलाता है कि राम भक्ति केवल पूजा नहीं, बल्कि जीवन जीने की एक पवित्र साधना है, जिसे हमारे माननीय प्रधानमंत्री जी ने अपने कर्म, आचरण और जीवन मूल्यों से सार्थक किया है।