तेलंगाना के रंगारेड्डी जिले से सोमवार सुबह एक दर्दनाक सड़क दुर्घटना की खबर सामने आई है। जिले के चेवेल्ला थाना क्षेत्र के खानापुर गेट के पास बजरी से भरे एक डंपर और तेलंगाना रोड ट्रांसपोर्ट कॉर्पोरेशन (TGSRTC) की बस में आमने-सामने भिड़ंत हो गई। इस भयानक टक्कर में अब तक 24 लोगों की मौत की पुष्टि हुई है, जबकि कई अन्य गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं।
पुलिस के अनुसार, हादसा सुबह उस वक्त हुआ जब बस चेवेल्ला की ओर जा रही थी और सामने से आ रहा डंपर अचानक नियंत्रण खोकर बस से टकरा गया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि डंपर में भरी बजरी बस पर गिर गई, जिससे कई यात्री बस में ही दब गए।
सूत्रों के मुताबिक, बस में ज्यादातर ऑफिस जाने वाले कर्मचारी और कुछ स्कूली बच्चे सवार थे। कई यात्रियों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि घायलों को तुरंत नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है।
स्थानीय प्रशासन और पुलिस की टीमें मौके पर पहुंचकर राहत और बचाव कार्य में जुटी हुई हैं। मृतकों की संख्या और बढ़ने की आशंका जताई जा रही है। हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और लोगों की भीड़ घटनास्थल पर जमा हो गई।
पुलिस ने बताया कि दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है और घटनास्थल से दोनों वाहनों को हटाने का कार्य जारी है। मुख्यमंत्री ने हादसे पर गहरा शोक व्यक्त किया है और मृतकों के परिजनों के लिए सहायता राशि की घोषणा की संभावना जताई जा रही है।
