छतरपुर की बेटी ने बढ़ाया मान: वर्ल्ड कप विजेता क्रांति गौड़ को एमपी सरकार देगी 1 करोड़ रुपए

भारत की महिला क्रिकेट टीम द्वारा ऐतिहासिक वर्ल्ड कप जीत के बाद मध्यप्रदेश सरकार ने खिलाड़ियों के सम्मान में बड़ा ऐलान किया है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने सोमवार को घोषणा की कि टीम की सदस्य और छतरपुर की बेटी क्रांति गौड़ को राज्य सरकार 1 करोड़ रुपए की सम्मान राशि देगी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच खेले गए फाइनल मुकाबले में भारतीय बेटियों ने जिस तरह शानदार प्रदर्शन किया, उसने देश का सिर गर्व से ऊंचा कर दिया है। उन्होंने कहा— “प्रदेश की बेटियों और देश की बेटियों ने जो कमाल किया है, वह नई पीढ़ी के लिए प्रेरणा है। हम चाहते हैं कि एमपी के युवा खिलाड़ी हर खेल में ऐसी ही भूमिका निभाते रहें। राज्य सरकार आगे भी खिलाड़ियों को हर संभव प्रोत्साहन देगी।”

इस मौके पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने ऊर्जा विभाग की “समाधान योजना 2025-26” का शुभारंभ भी किया। यह कार्यक्रम एमपी पॉवर मैनेजमेंट कंपनी, अरेरा कॉलोनी से आयोजित किया गया।

क्रांति गौड़ की इस उपलब्धि से न केवल छतरपुर, बल्कि पूरे मध्यप्रदेश में खुशी की लहर है। खेल प्रेमियों का कहना है कि राज्य सरकार का यह कदम आने वाली महिला खिलाड़ियों के लिए बड़ी प्रेरणा साबित होगा।