बिहार विधानसभा चुनाव 2025 : पहले फेज की 121 सीटों पर मतदान शुरू, दिग्गजों की साख दांव पर

पटना, 6 नवंबर 2025। बिहार विधानसभा चुनाव 2025 के पहले चरण की वोटिंग आज सुबह 7 बजे से शुरू हो गई है। इस फेज में 18 जिलों की 121 सीटों पर मतदाता अपने प्रतिनिधियों का चयन करेंगे। मतदान शाम 5 बजे तक चलेगा। कुल 243 विधानसभा सीटों वाले बिहार में इस बार चुनाव दो चरणों में हो रहे हैं, जिनके नतीजे 14 नवंबर को घोषित किए जाएंगे।

पहले चरण में 1314 उम्मीदवारों की किस्मत 3.75 करोड़ मतदाता तय करेंगे। मतदान के लिए 45,341 मतदान केंद्र बनाए गए हैं। इनमें कई सीटें ऐसी हैं जहां मुकाबला बेहद दिलचस्प और कड़ा बताया जा रहा है।

🔸 दिग्गजों की साख दांव पर

इस चरण में 10 हॉट सीटें हैं, जिन पर राज्यभर की निगाहें टिकी हैं। इनमें तेजस्वी यादव, तेजप्रताप यादव, सम्राट चौधरी, विजय कुमार सिन्हा और अनंत सिंह जैसे बड़े नेताओं की प्रतिष्ठा दांव पर है।

🔸 स्टार उम्मीदवारों का जलवा

राजनीति के साथ-साथ इस बार मनोरंजन जगत के सितारे भी मैदान में हैं।

छपरा से भोजपुरी सुपरस्टार खेसारीलाल यादव,

अलीनगर से लोकगायिका मैथिली ठाकुर,

करगहर से भोजपुरी गायक रितेश पांडे चुनावी समर में अपनी किस्मत आजमा रहे हैं।

🔸 सुरक्षा के कड़े इंतजाम

पहले चरण के मतदान को शांतिपूर्ण और निष्पक्ष तरीके से संपन्न कराने के लिए प्रशासन ने व्यापक सुरक्षा इंतजाम किए हैं। 4 लाख से ज्यादा सुरक्षाकर्मी विभिन्न मतदान केंद्रों पर तैनात किए गए हैं।

इस चरण में 2 डिप्टी सीएम और 18 मंत्रियों की प्रतिष्ठा भी दांव पर लगी है। मतदाताओं में उत्साह देखा जा रहा है और कई जगह सुबह से ही लंबी कतारें लगनी शुरू हो गई हैं।