महिला उत्पीड़न केस में आईजी रतनलाल डांगी पर बड़ी कार्रवाई, पद से हटाए गए

रायपुर, 6 नवंबर 2025। महिला उत्पीड़न के आरोप में फंसे आईजी रतनलाल डांगी पर राज्य सरकार ने बड़ा कदम उठाया है। आरोप सामने आने के करीब 20 दिन बाद सरकार ने उन्हें उनके पद से हटा दिया है।

गृह विभाग के सचिव हिमशिखर गुप्ता द्वारा जारी आदेश के अनुसार, पुलिस अकादमी चंदखुरी का प्रभार अब आईपीएस अजय यादव को सौंपा गया है। यह कार्रवाई उस शिकायत के बाद की गई है, जिसमें एक एसआई की पत्नी और योग प्रशिक्षक महिला ने आईजी डांगी पर यौन उत्पीड़न और मानसिक प्रताड़ना के गंभीर आरोप लगाए थे।

पीड़िता ने अपनी शिकायत पुलिस मुख्यालय में दर्ज कराई थी, जिसके बाद यह मामला लगातार सुर्खियों में बना रहा। राज्य सरकार ने आंतरिक जांच और प्राथमिक साक्ष्यों के आधार पर यह निर्णय लिया है।

सूत्रों के मुताबिक, गृह विभाग ने मामले की विस्तृत जांच जारी रखी है और जांच रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई भी संभव है।