बलरामपुर में क्रशर संचालकों की दबंगई: पेट्रोल-डीजल चोरी के शक में युवक को अर्धनग्न कर पीटा, वीडियो वायरल

बलरामपुर। छत्तीसगढ़ के बलरामपुर जिले के भेलाई खुर्द गांव में क्रशर संचालकों की दबंगई का चौंकाने वाला मामला सामने आया है। पेट्रोल-डीजल चोरी के शक में दो युवकों के साथ अमानवीय बर्ताव किया गया। आरोपियों ने एक युवक के कपड़े उतरवाकर उसके हाथ-पैर बांध दिए और जूते-लातों से बेरहमी से पीटा। यह पूरा घटनाक्रम कैमरे में कैद हो गया और वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया।

मामला बरियो चौकी क्षेत्र का है। वायरल वीडियो में देखा जा सकता है कि एक युवक अर्धनग्न अवस्था में पाइप और रस्सी से बंधा हुआ जमीन पर पड़ा है, और कुछ लोग उसकी लात-घूंसों से पिटाई कर रहे हैं। बताया जा रहा है कि पीड़ित युवक क्रशर प्लांट में पोकलेन मशीन का ऑपरेटर है।

सूत्रों के अनुसार, क्रशर संचालकों ने आधा दर्जन से अधिक लोगों के साथ मिलकर दोनों युवकों को पकड़ा और चोरी के शक में उनसे पूछताछ करने लगे। पूछताछ के दौरान एक युवक के कपड़े उतरवा दिए गए, जबकि दूसरे को रस्सी से बांधकर पीटा गया। आरोपियों ने दोनों को कमरे में बंद कर मारपीट की, जिससे युवक गंभीर रूप से घायल हो गया।

मारपीट का वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस हरकत में आई। बरियो चौकी प्रभारी रविंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि पीड़ित युवक की पहचान कर ली गई है। युवक बघिमा निवासी विनोद सारथी है। हालांकि, मारपीट करने वालों के डर से वह शिकायत दर्ज कराने से हिचक रहा है। फिलहाल उसे पुलिस चौकी बुलाया गया है और बयान दर्ज किए जा रहे हैं।

पुलिस के मुताबिक, जिस क्रशर प्लांट में यह घटना हुई, वह अंबिकापुर के कुंडला सिटी निवासी दीपक अग्रवाल के स्वामित्व में है। प्रारंभिक जांच में पता चला है कि दीपक अग्रवाल और उसके साथी भी मारपीट में शामिल थे।

बलरामपुर एएसपी विश्व दीपक त्रिपाठी ने बताया कि वायरल वीडियो पुलिस के संज्ञान में आ गया है। मामले की जांच जारी है, और जांच पूरी होने के बाद दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।