रायगढ़। दीपावली के बाद शहर में फिर एक बार बिजली विभाग मेंटेनेंस और अपग्रेडेशन कार्य में जुट गया है। मुख्यमंत्री शहरी विद्युतीकरण योजना के तहत खुले बिजली तारों को कवर्ड तारों में बदलने का कार्य सोमवार को किया जाएगा। इसके चलते शहर के कई क्षेत्रों में चार घंटे तक बिजली आपूर्ति बाधित रहेगी।
जानकारी के अनुसार, 33/11 KV गर्ल्स कॉलेज सब स्टेशन से निकलने वाली 11 KV स्टेशन फीडर की बिजली सप्लाई सोमवार को सुबह 10 बजे से दोपहर 2 बजे तक बंद रहेगी। आवश्यकता पड़ने पर समय में परिवर्तन भी किया जा सकता है।
इस कार्य से शहर के जोन-1 के 14 क्षेत्र प्रभावित होंगे, जिनमें सिविल लाइन, नटवर स्कूल, एसपी बंगला, स्टेशन चौक, आटले चौक, दरोगापारा, गुजराती पारा, पथिक होटल, गुड लक होटल, रेलवे कॉलोनी, गांधीगंज, एसपी ऑफिस, निगम कॉम्प्लेक्स, नायक बाड़ा और आसपास के क्षेत्र शामिल हैं।
बिजली विभाग ने नागरिकों से इस दौरान सहयोग की अपील की है। दीपावली से पहले भी विभाग की ओर से प्री-मेंटेनेंस और अन्य तकनीकी कार्यों के कारण कई क्षेत्रों में अस्थायी बिजली कटौती की गई थी।
