रायपुर, 11 नवम्बर। दिल्ली के लाल किले के पास 10 नवंबर को हुए कार ब्लास्ट में 8 लोगों की मौत और कई घायल होने के बाद पूरे देश के साथ छत्तीसगढ़ में भी सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट पर हैं। राज्य के सभी जिलों में हाई अलर्ट जारी कर दिया गया है। बस स्टैंड, रेलवे स्टेशन, मॉल और बाजार जैसे भीड़भाड़ वाले इलाकों में पुलिस की सघन जांच और निगरानी की जा रही है।
राजधानी रायपुर में सोमवार देर रात से ही पुलिस ने चेकिंग अभियान शुरू कर दिया। शहर के प्रमुख स्थानों — रेलवे स्टेशन, एयरपोर्ट, हाईकोर्ट, बस स्टैंड, होटल-रेस्टोरेंट और धार्मिक स्थलों पर पुलिस की फुट पेट्रोलिंग बढ़ा दी गई है। सुरक्षा बलों को संदिग्ध गतिविधियों पर तुरंत एक्शन लेने के निर्देश दिए गए हैं।
रायपुर एसएसपी लखन पटले ने बताया कि दिल्ली ब्लास्ट के बाद रायपुर में भी सुरक्षा को लेकर सतर्कता बढ़ा दी गई है। “सभी एजेंसियों को अपने-अपने टास्क पर काम करने के निर्देश दिए गए हैं। पर्यटन स्थल, धार्मिक स्थल और एयरपोर्ट पर खास निगरानी रखी जा रही है। संदिग्ध व्यक्तियों पर कड़ी नजर है,” उन्होंने कहा।
सोशल मीडिया मॉनिटरिंग भी तेज
सुरक्षा एजेंसियां न केवल सार्वजनिक स्थानों पर बल्कि सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर भी संदिग्ध गतिविधियों की निगरानी कर रही हैं। वरिष्ठ अधिकारियों ने संबंधित यूनिट्स को 24 घंटे अलर्ट मोड पर रहने के निर्देश दिए हैं।
मुख्यमंत्री और पूर्व मुख्यमंत्री ने जताया दुख
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने धमाके पर शोक व्यक्त करते हुए एक्स (Twitter) पर लिखा —
“दिल्ली में हुआ धमाका अत्यंत हृदयविदारक है। जिन परिवारों ने अपने प्रियजनों को खोया है, उनके प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करता हूं। केंद्र सरकार और हमारी सुरक्षा एजेंसियां लगातार स्थिति की समीक्षा कर रही हैं और हर संभव सहायता प्रदान की जा रही है।”
वहीं पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कहा —
“दिल्ली में बम धमाके की खबर दुखद और चिंताजनक है। इस कठिन समय में सरकार से सवाल पूछे जाएंगे और जवाब देना होगा। आखिर जिम्मेदारी तय होनी चाहिए।”
राज्य पुलिस मुख्यालय से मिली जानकारी के अनुसार, प्रदेशभर में सुरक्षा को लेकर विशेष निर्देश जारी किए गए हैं और सभी जिलों के पुलिस अधीक्षकों को सतर्क रहने के आदेश दिए गए हैं।
