रायपुर, 11 नवम्बर। छत्तीसगढ़िया क्रांति सेना के अध्यक्ष और जोहार छत्तीसगढ़ पार्टी के प्रमुख अमित बघेल की गिरफ्तारी के लिए रायपुर पुलिस ने सर्च ऑपरेशन तेज कर दिया है। पुलिस ने बघेल को फरार घोषित करते हुए 5,000 रुपए का इनाम घोषित किया है। रायपुर एसएसपी डॉ. लाल उमेद सिंह ने सोमवार को इसकी आधिकारिक उद्घोषणा जारी की।
जानकारी के मुताबिक, बघेल पिछले कई दिनों से पुलिस की गिरफ्त से बाहर है। सूत्रों के अनुसार, वह अपने परिचितों के घरों में छिपकर गिरफ्तारी से बचने की कोशिश कर रहा है। सोमवार को पुलिस ने उसके सहयोगियों शिवेंद्र वर्मा (सड्डू निवासी) और अजय यादव (धरमनगर, टिकरापारा) के घर छापा मारा। दोनों से पूछताछ की जा रही है।
पुलिस की कई टीमें रायपुर सहित प्रदेश के अन्य जिलों और मध्यप्रदेश, उत्तरप्रदेश, महाराष्ट्र जैसे राज्यों में बघेल की तलाश में लगी हैं। अधिकारियों का कहना है कि उसकी गिरफ्तारी “जल्द” की जाएगी।
27 अक्टूबर की टिप्पणी से भड़का था विवाद
बघेल पर कार्रवाई की शुरुआत तब हुई जब 27 अक्टूबर को छत्तीसगढ़ महतारी की मूर्ति तोड़फोड़ विवाद के दौरान उसने सोशल मीडिया पर अग्रसेन महाराज और सिंधी समाज के इष्ट देवता झूलेलाल जी को लेकर आपत्तिजनक टिप्पणी की थी। इसके बाद अग्रवाल और सिंधी समाज ने प्रदेशभर में जोरदार विरोध प्रदर्शन किया था।
अमित बघेल के खिलाफ रायपुर, दुर्ग, धमतरी, इंदौर, ग्वालियर, नोएडा, महाराष्ट्र और प्रयागराज सहित देश के कई थानों में एफआईआर दर्ज है। पुलिस का दावा है कि “बघेल की लोकेशन ट्रैक की जा रही है और उसे जल्द गिरफ्तार किया जाएगा।”
