रायपुर पुलिस की बड़ी कार्रवाई: ऑपरेशन साइबर शील्ड के तहत दो साइबर ठग गिरफ्तार

रायपुर। रायपुर पुलिस ने ऑपरेशन साइबर शील्ड के तहत देशभर में ऑनलाइन ठगी करने वाले दो बड़े साइबर अपराधियों को गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपी फिक्स डिपॉजिट (FD) के नाम पर बैंक मैनेजर से ठगी और ऑनलाइन पार्ट टाइम जॉब के बहाने आम लोगों से लाखों रुपए हड़पने के मामलों में शामिल थे।

रेंज साइबर थाना रायपुर की टीम ने तकनीकी विश्लेषण और डिजिटल साक्ष्य के आधार पर आरोपियों की लोकेशन महाराष्ट्र के पुणे और मुंबई में ट्रेस की। इसके बाद पुलिस ने दबिश देकर दोनों को गिरफ्तार कर लिया।

जांच में सामने आया है कि आरोपी फर्जी वेबसाइट और व्हाट्सएप ग्रुप के जरिए लोगों को अधिक मुनाफे का लालच देकर निवेश कराने के लिए प्रेरित करते थे। इसके बाद रकम अपने खातों में ट्रांसफर कर ठगी कर लेते थे।

रायपुर पुलिस ने बताया कि ऑपरेशन साइबर शील्ड के तहत लगातार देशभर में सक्रिय साइबर ठगों पर कार्रवाई की जा रही है। गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ में और भी मामलों का खुलासा होने की संभावना है।