बिलासपुर में बड़ी कार्रवाई: कोर्ट के आदेश पर 3 गांजा तस्करों की 1.50 करोड़ की संपत्ति फ्रीज, अवैध कमाई से खरीदे थे मकान और प्लॉट

छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में नशे के अवैध कारोबार पर बड़ी कार्रवाई की गई है। कोर्ट के आदेश के बाद पुलिस ने 3 गांजा तस्करों की कुल 1.50 करोड़ रुपए से अधिक की संपत्ति फ्रीज कर दी है। जांच में खुलासा हुआ कि आरोपियों ने गांजा बेचकर अवैध तरीके से कमाई की थी और इसी पैसों से मकान, प्लॉट और महंगी संपत्तियां खरीदी थीं।

पत्नी और प्रेमिका के नाम पर खड़ी की संपत्ति

जांच में चौंकाने वाला तथ्य सामने आया है कि एक आरोपी ने अवैध कमाई से पत्नी और प्रेमिका दोनों के नाम पर आलीशान मकान और जमीन खरीदी। पुलिस ने इन सभी संपत्तियों का रिकॉर्ड खंगालकर कोर्ट में प्रस्तुत किया था।

सकरी और सिरगिट्टी क्षेत्र में कार्रवाई

मामला सकरी थाना क्षेत्र से जुड़ा है। एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्रवाई करते हुए पुलिस ने सकरी और सिरगिट्टी थाना क्षेत्र में तीनों आरोपियों की संपत्ति को पहले जब्त किया था। बाद में यह मामला मुंबई के सफेमा (SAFEMA) कोर्ट में गया, जहां कोर्ट ने भी इन संपत्तियों को अवैध तरीके से अर्जित पाया।

कोर्ट ने फ्रीज करने का आदेश दिया

दोनों पक्षों की दलीलें सुनने के बाद कोर्ट ने स्पष्ट किया कि संपत्ति नशे के कारोबार से सीधे जुड़ी हुई है। जिसके बाद कुल 1.50 करोड़ रुपए से ज्यादा मूल्य की संपत्ति को फ्रीज करने का आदेश जारी किया गया।

बिलासपुर पुलिस की इस कार्रवाई को नशे के खिलाफ बड़ी सफलता माना जा रहा है। जांच एजेंसियां अब आरोपियों के अन्य नेटवर्क और अवैध निवेश की भी पड़ताल कर रही हैं।