जशपुर में कृत्रिम गर्भाधान से जन्मी पुंगनूर नस्ल की बछिया; दुनिया की सबसे छोटी गाय को देखने उमड़ी भीड़, PM मोदी के पास भी है यही नस्ल

जशपुर। छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले में पशुपालन के क्षेत्र में एक बड़ी सफलता सामने आई है। जिले के गोढ़ीकला और करमीटिकरा–करूमहुआ क्षेत्र में कृत्रिम गर्भाधान (AI) के जरिए पुंगनूर नस्ल की एक मादा बछिया का जन्म हुआ है। दुनिया की सबसे छोटी गाय कही जाने वाली इस नस्ल को देखने ग्रामीणों की बड़ी संख्या में भीड़ जुट रही है।

यह बछिया 1 नवंबर को पशुपालक खगेश्वर यादव के घर जन्मी। खगेश्वर ने बताया कि उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के पास इसी नस्ल की गाय देखी थी। इसके बाद उन्होंने अपनी देशी गाय में पुंगनूर नस्ल का AI ब्रीडिंग करवाया, जिसका सफल परिणाम अब सामने आया है।

दुनिया की सबसे छोटी गाय – बेहद खास विशेषताएँ

पुंगनूर नस्ल को इसकी छोटी कद-काठी और उच्च पोषण वाले दूध के लिए जाना जाता है।

  • इनका कद 17 से 24 इंच (लगभग 3 फीट) होता है।

  • बाज़ार में इनकी कीमत 2 से 10 लाख रुपए तक होती है।

  • प्रति दिन लगभग 5 लीटर तक दूध देती हैं।

  • इनके दूध की कीमत बाजार में 1000 रुपए प्रति लीटर तक मिलती है।

  • जबकि इस नस्ल के घी की कीमत 50 हजार रुपए प्रति किलो तक पहुंच जाती है।

ग्रामीणों में उत्साह, विभाग भी कर रहा निगरानी

बछिया के जन्म की जानकारी मिलते ही स्थानीय ग्रामीण बड़ी संख्या में उसे देखने पहुंच रहे हैं। पशुपालन विभाग भी इस पूरे मामले पर नजर बनाए हुए है और इसे जिले में उन्नत नस्ल सुधार कार्यक्रम की सफलता माना जा रहा है।

पशुपालकों का मानना है कि इस नस्ल का स्थानीय स्तर पर प्रसार होने से दुग्ध उत्पादन और आय दोनों में बढ़ोतरी होगी।