बिलासपुर में धर्मांतरण विवाद फिर… प्रार्थना सभा के बीच पहुंचे हिंदू संगठन, पुलिस ने केस दर्ज कर कराया सभा बंद

बिलासपुर में धर्मांतरण को लेकर विवाद थमने का नाम नहीं ले रहा है। रविवार को सरकंडा थाना क्षेत्र के चिल्हाटी में एक झोपड़ीनुमा मकान में चल रही प्रार्थना सभा के दौरान माहौल उस समय तनावपूर्ण हो गया, जब हिंदूवादी संगठन के कार्यकर्ता लाउडस्पीकर लेकर वहां पहुंच गए और सभा का विरोध करने लगे।

महिलाओं और बच्चों को बुलाने पर उठा विवाद
जानकारी के अनुसार, प्रार्थना सभा में आसपास की हिंदू महिलाओं और बच्चों को बुलाया गया था। हिंदूवादी संगठन का आरोप है कि प्रार्थना सभा के नाम पर लोगों का ‘ब्रेनवॉश’ कर धर्म परिवर्तन के लिए प्रेरित किया जा रहा था। जैसे ही उन्हें इस कार्यक्रम की जानकारी मिली, कार्यकर्ता लाउडस्पीकर के साथ मौके पर पहुंच गए और खुलकर विरोध दर्ज कराया।

माइक पर एक कार्यकर्ता लगातार लोगों से बाहर निकलने की अपील करते हुए आरोप लगाता रहा कि “हिंदुओं को लालच देकर धर्म परिवर्तन कराया जा रहा है… कब तक घर में छिपे रहोगे?” इस दौरान कार्यकर्ताओं ने काफी देर तक हंगामा किया, जिसके चलते माहौल तनावपूर्ण हो गया।

पुलिस ने पहुंचकर रोकी सभा, केस दर्ज
स्थिति बिगड़ती देखकर तुरंत पुलिस को सूचना दी गई। सरकंडा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों से पूछताछ की। प्राथमिक जांच के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। साथ ही प्रार्थना सभा को वहीं पर बंद करा दिया गया।