बिलासपुर के सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र अंतर्गत टिकरापारा की मूर्ति गली में सोमवार रात एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। 17 नवंबर की रात करीब 8 बजे सौरभ प्रताप सिंह उर्फ छोटे राजा के मकान में अचानक आग भड़क उठी। कुछ ही मिनटों में आग की लपटें घर के अंदरूनी हिस्सों तक पहुंच गईं। उस समय घर में महिलाएं और बच्चे मौजूद थे, जो किसी तरह पीछे की बालकनी से निकलकर सुरक्षित बाहर आ गए।
मौके पर मौजूद लोगों ने आग की तेज लपटें और धमक की आवाजें सुनकर तुरंत नगर सेना दमकल विभाग को सूचना दी। साथ ही मोहल्लेवासी खुद पाइप से पानी डालकर आग बुझाने की कोशिश करते रहे।
थोड़ी देर बाद दमकल की दो बड़ी गाड़ियाँ मौके पर पहुँचीं और रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया। संकरी गलियों और ऊपरी मंजिल तक तेज़ी से फैलती लपटों के कारण दमकल कर्मियों को आग बुझाने में करीब डेढ़ घंटे का वक्त लग गया। आग पर काबू तो पा लिया गया, लेकिन घर की ऊपरी मंजिल में रखा पूरा सामान जलकर खाक हो गया।
घनी बस्ती में टला बड़ा हादसा
मूर्ति गली घनी आबादी वाला इलाका है, जहाँ करीब 200 मीटर तक मकान आपस में सटे हुए हैं। अगर आग थोड़ी और फैलती, तो कई घर इसकी चपेट में आ सकते थे। इलाके की गलियां इतनी सकरी हैं कि दमकल वाहनों का आगे तक पहुँचना भी मुश्किल होता, जिससे स्थिति और गंभीर हो सकती थी।
फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल सका है। पुलिस और दमकल विभाग घटना की जांच में जुटे हुए हैं। सौभाग्य से हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई, लेकिन घर का भारी नुकसान हुआ है।
