ऑस्ट्रेलिया ने एशेज सीरीज का पहला टेस्ट 8 विकेट से जीत लिया। पर्थ स्टेडियम में टीम ने शनिवार को मुकाबले के दूसरे ही दिन इंग्लैंड को हरा दिया। ट्रैविस हेड की 69 गेंद पर सेंचुरी के दम पर टीम ने 205 रन का टारगेट 28.2 ओवर में ही हासिल कर लिया।
पहली पारी में इंग्लैंड ने 172 और ऑस्ट्रेलिया ने 132 रन बनाए थे। दूसरी पारी में इंग्लिश टीम 164 रन ही बना सकी और होम टीम को 205 रन का टारगेट मिला। ट्रैविस हेड ने 83 गेंद पर 123 और मार्नस लाबुशेन ने 49 गेंद पर 51 रन बनाकर टीम को जीत दिला दी। मुकाबले में 10 विकेट लेने वाले मिचेल स्टार्क प्लेयर ऑफ द मैच रहे।
सीरीज का दूसरा टेस्ट 4 दिसंबर से ब्रिसबेन के द गाबा स्टेडियम में खेला जाएगा। यह मुकाबला डे-नाइट रहेगा, जिसमें पिंक बॉल का इस्तेमाल होगा।
28.2 ओवर में जीत गया ऑस्ट्रेलिया ऑस्ट्रेलिया ने 205 रन के टारगेट का पीछा करने के लिए जैक वेदराल्ड के साथ ट्रैविस हेड को ओपनिंग भेजा। यह तरकीब टीम के काम आई, हेड ने बेहद तेज बैटिंग की। वेदराल्ड 23 रन बनाकर आउट हुए, लेकिन हेड के साथ 75 रन की पार्टनरशिप कर ली।
नंबर-3 पर उतरे मार्नस लाबुशेन फिर एक एंक पर टिक गए। दूसरे एंड पर हेड ने 69 गेंद पर शतक लगा दिया। सेंचुरी के बाद भी उन्होंने शॉट्स खेले और टीम को 200 के करीब पहुंचा दिया। वे 83 गेंद पर 123 रन बनाकर आउट हुए। उनकी पारी में 16 चौके और 4 छक्के शामिल रहे। आखिर में लाबुशेन ने 51 और कप्तान स्टीव स्मिथ ने 2 रन बनाकर टीम को 28.2 ओवर में जीत दिला दी।
इंग्लैंड की दूसरी पारी की शुरुआत खराब रही। ओपनर जैक क्रॉली फिर से बिना खाता खोले आउट हो गए। मिचेल स्टार्क ने अपनी ही गेंद पर एक हाथ से शानदार कैच लेकर उन्हें पवेलियन भेजा। बेन डकेट 28 रन बनाकर आउट हुए। उन्हें स्कॉट बोलैंड ने स्टीव स्मिथ के हाथों कैच कराया।
ओली पोप 33 रन बनाकर आउट हुए और यह विकेट भी बोलैंड के नाम रहा। बोलैंड ने दूसरी पारी में ऑस्ट्रेलिया के लिए सबसे अधिक 4 विकेट लिए। ब्रेंडन डोगेट और मिचेल स्टार्क ने दूसरी पारी में 3-3 विकेट चटकाए।
इंग्लैंड के स्टार बल्लेबाज जो रूट 8 रन बनाकर मिचेल स्टार्क की गेंद पर बोल्ड हो गए। हैरी ब्रूक बिना कोई रन बनाए आउट हुए। कप्तान बेन स्टोक्स 2 रन और विकेटकीपर जैमी स्मिथ 15 रन बनाकर वापस लौट गए।
104 रन पर 7 विकेट गिरने के बाद गस एटकिंसन और ब्रायडन कार्स ने पारी को संभाला। दोनों ने मिलकर आठवें विकेट के लिए 50 रन जोड़कर इंग्लैंड की बढ़त को 200 के पार पहुंचा दिया। टीम 164 रन बनाकर ऑलआउट हुई और ऑस्ट्रेलिया को 205 रन का टारगेट मिला।
