अमित बघेल पर बेंगलुरु में नया केस दर्ज; रायपुर पुलिस ने बढ़ाई दबिश

छत्तीसगढ़िया क्रांति सेना के अध्यक्ष और जोहार छत्तीसगढ़ पार्टी के प्रमुख अमित बघेल की मुश्किलें बढ़ती जा रही हैं। कर्नाटक की बेंगलुरु पुलिस ने उनके खिलाफ एक और केस दर्ज किया है। यह शिकायत डिफेंस कॉलोनी इंद्रानगर निवासी रामकृष्ण पी ने की है।

जाति और भगवान को अपमानित करने का आरोप

शिकायतकर्ता रामकृष्ण पी के अनुसार, अमित बघेल ने उनकी जाति और भगवान के लिए अपमानजनक शब्दों का प्रयोग किया है। शिकायत में कहा गया है कि यह बयान उनकी धार्मिक और सामाजिक भावनाओं को ठेस पहुँचाने वाला है।
शिकायतकर्ता ने पुलिस से अमित बघेल पर कड़ी कार्रवाई की मांग की है।

अब तक 12 मामलों में नामजद

बेंगलुरु में नया मामला दर्ज होने के बाद अमित बघेल के खिलाफ कुल 12 केस दर्ज हो चुके हैं। इनमें से कई प्रकरण छत्तीसगढ़ में भी दर्ज हैं।
रायपुर पुलिस उनके खिलाफ लगातार कार्रवाई में जुटी हुई है और उन्हें फरार घोषित कर 5 हजार रुपए का इनाम भी घोषित किया गया है।

छिपकर बचने की कोशिश में बघेल: पुलिस

रायपुर पुलिस के अनुसार, गिरफ्तारी से बचने के लिए अमित बघेल लगातार अपने परिचितों के घरों में ठिकाना बदल रहे हैं। पुलिस का दावा है कि उनकी लोकेशन पर नजर रखी जा रही है और उन्हें जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
अधिकारियों ने बताया कि बघेल की सोशल मीडिया गतिविधियों और संपर्कों की भी निगरानी की जा रही है।

जल्द गिरफ्तारी का दावा

पुलिस ने बताया कि टीम लगातार छापेमारी कर रही है और बघेल को जल्द हिरासत में लेने की संभावना है। अधिकारियों ने कहा कि वारंट और केस की गंभीरता को देखते हुए कार्रवाई तेज कर दी गई है।