चीतल के अवैध शिकार मामले में फरार दो आरोपी गिरफ्तार, अर्जुनी वन परिक्षेत्र की सतत कार्रवाई से मिली सफलता…

योगेश यादव/ बलौदाबाज़ार। अरजुनी परिक्षेत्र में चीतल के अवैध शिकार मामले में फरार चल रहे दोनों आरोपियों को वन विभाग की टीम ने गिरफ्तार कर लिया है। वनमंडलाधिकारी गणवीर धम्मशील के निर्देशन में शिकार रोकथाम और वन्यजीव संरक्षण को मजबूत करने उद्देश्य से लगातार अभियान चलाया जा रहा है, जिसके तहत यह महत्वपूर्ण सफलता मिली है।

जानकारी के अनुसार 24 अगस्त 2025 को चीतल के अवैध शिकार का प्रकरण अरजुनी परिक्षेत्र में दर्ज किया गया था। घटना के दिन ही प्रकरण में शामिल दो आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया था, जबकि अन्य दो आरोपी घटना के बाद से फरार थे। वन विभाग की टीम इनकी लगातार पतासाजी कर रही थी।

अभियान के तहत 19 नवंबर 2025 को एक फरार आरोपी को टीम ने धर दबोचा, वहीं 22 नवंबर 2025 को दूसरे फरार आरोपी को भी गिरफ्तार कर लिया गया। आवश्यक कानूनी कार्रवाई पूरी कर दोनों को न्यायिक अभिरक्षा में जिला जेल बलौदाबाज़ार भेज दिया गया है।

वन विभाग ने इस कार्रवाई को वन्यजीव अपराधों के विरुद्ध अपनी शून्य सहनशीलता नीति का परिणाम बताया है। वनमंडलाधिकारी श्री गणवीर धम्मशील ने स्पष्ट किया कि वन्यजीव संरक्षण में बाधा डालने वाले किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने नागरिकों से अपील करते हुए कहा कि किसी भी प्रकार के वन्यजीव अपराध या संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत नजदीकी वन कार्यालय में दें, जिससे समय रहते प्रभावी कार्रवाई की जा सके।