WPL मेगा ऑक्शन में मध्य प्रदेश की चमक पूजा वस्त्रकार बनीं सबसे महंगी MP प्लेयर, RCB ने 85 लाख में किया हायर

नई दिल्ली में गुरुवार को हुई विमेंस प्रीमियर लीग (WPL) की पहली मेगा नीलामी में मध्य प्रदेश की महिला खिलाड़ियों ने दमदार उपस्थिति दर्ज कराई। कुल 12 खिलाड़ी MP से ऑक्शन में शामिल हुईं, जिनमें कई को बड़े दाम पर खरीदा गया।

RCB ने शहडोल की पूजा वस्त्रकार पर लगाई बड़ी बोली

शहडोल की स्टार ऑलराउंडर पूजा वस्त्रकार को RCB ने 85 लाख रुपये में खरीदा। उनका बेस प्राइस 50 लाख था। बोली लगने के साथ ही वह MP की सबसे महंगी खिलाड़ी बनीं।

क्रांति गौड़ 50 लाख में UP वॉरियर्स के साथ

छतरपुर की क्रांति गौड़ को UP वॉरियर्स ने उनके ही बेस प्राइस 50 लाख रुपये में टीम में शामिल किया। गेंद और बल्ले दोनों से योगदान देने वाली क्रांति को फ्रेंचाइजी ने शुरुआती राउंड में ही चुन लिया।

अनुष्का शर्मा और संस्कृति गुप्ता पर भी टीमों का भरोसा

ग्वालियर की अनुष्का शर्मा को गुजरात टीम ने 45 लाख रुपये में खरीदा।

सीधी की संस्कृति गुप्ता मुंबई इंडियंस के साथ जुड़ीं। उन्हें 20 लाख रुपये में टीम ने अपने स्क्वाड का हिस्सा बनाया।

भोपाल की राहिला फिरदौस को भी मुंबई ने 10 लाख रुपये में खरीदा।

दो खिलाड़ी रहीं अनसोल्ड

इंदौर की प्रियंका कौशल और शुचि उपाध्याय को नीलामी में कोई खरीदार नहीं मिला। दोनों का बेस प्राइस 10 से 50 लाख रुपये के बीच तय था।

इन राज्यों से सबसे ज्यादा खिलाड़ी

WPL ऑक्शन में रेलवे और दिल्ली की सबसे ज्यादा 15-15 खिलाड़ी, मुंबई की 14 और MP, यूपी व महाराष्ट्र की 12-12 खिलाड़ी शामिल हुईं।