रायपुर- कांग्रेस पार्टी ने आज प्रदेश के 41 जिलाध्यक्षों की नई सूची जारी कर दी है। इस सूची में बलौदाबाजार जिले से सुमित्रा घृतलहरें को एक बार फिर जिला कांग्रेस कमेटी का जिलाध्यक्ष नियुक्त किया गया है।

सुमित्रा घृतलहरें इससे पहले भी जिले की कमान संभाल चुकी हैं। उल्लेखनीय है कि 22 मार्च 2025 को जारी 11 जिलाध्यक्षों की सूची में भी उन्हें ही जिलाध्यक्ष मनोनीत किया गया था। संगठन में लगातार सक्रिय भूमिका और पार्टी गतिविधियों में उनकी मजबूत उपस्थिति के चलते उन्हें दोबारा यह जिम्मेदारी सौंपी गई है।
प्रदेश कांग्रेस द्वारा जारी सूची के बाद जिले में पार्टी कार्यकर्ताओं में उत्साह का माहौल देखा जा रहा है। स्थानीय कांग्रेस नेताओं का कहना है कि सुमित्रा घृतलहरें के पुनर्नियुक्त होने से संगठन को मजबूती मिलेगी और आगामी राजनीतिक गतिविधियों में नई ऊर्जा का संचार होगा।
