7 साल के मासूम पर टीचर की बर्बरता: गिनती में गलती हुई तो प्रधान पाठक ने जड़ दिए कई थप्पड़, आंख में उतरा खून; DEO ने किया सस्पेंड

बलरामपुर। जिले के रामचंद्रपुर विकासखंड में एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। यहां प्राथमिक शाला जावाखाड़ी में प्रधान पाठक ने गिनती में छोटी-सी गलती होने पर दूसरी कक्षा के 7 वर्षीय छात्र की बेरहमी से पिटाई कर दी। लगातार कई थप्पड़ पड़ने से बच्चे के आंख में खून उतर आया और चेहरा बुरी तरह सूज गया।

घर पहुंचकर मासूम फूट-फूटकर रोया
स्कूल से घर लौटने पर बच्चा रोते हुए परिजनों को पूरी घटना बताई। बच्चे की हालत देखकर परिजन हैरान रह गए। उन्होंने तुरंत त्रिकुंडा थाने पहुंचकर प्रधान पाठक उदय कुमार यादव के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई।

परिजनों का गंभीर आरोप—शराब के नशे में स्कूल आते थे शिक्षक
परिजनों ने आरोप लगाया कि आरोपी प्रधान पाठक शराब के नशे में स्कूल आता था। घटना वाले दिन भी वह नशे में था और उसी हालत में उसने बच्चे की पिटाई की।

DEO ने आरोपी प्रधान पाठक को किया सस्पेंड
मामले की गंभीरता को देखते हुए जिला शिक्षा अधिकारी ने आरोपी प्रधान पाठक उदय कुमार यादव को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। विभागीय जांच भी शुरू कर दी गई है।

स्कूल में 30–35 बच्चे पढ़ते हैं, घटना लंच के बाद की
जानकारी के अनुसार ग्राम पंचायत पलगी स्थित प्राथमिक शाला जावाखाड़ी में कक्षा पहली से पांचवीं तक करीब 30–35 बच्चे पढ़ते हैं। शुक्रवार को लंच के बाद मैथ की क्लास लेने के लिए प्रधान पाठक उदय यादव कक्षा में पहुंचे थे। उन्होंने छात्र भागीरथी से गिनती सुनाने को कहा, लेकिन बच्चा बीच में गलती कर बैठा। इसी बात पर गुस्साए शिक्षक ने उस पर हाथ उठा दिया।

घटना के सामने आने के बाद अभिभावकों और ग्रामीणों में आक्रोश है। परिजन आरोपी शिक्षक की गिरफ्तारी और कड़ी कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।