रायपुर में भारत–दक्षिण अफ्रीका वनडे को लेकर उत्साह चरम पर, आज आएंगे रोहित-विराट; ब्लैक टिकट बेचने वाले दो आरोपी हिरासत में

रायपुर, 1 दिसंबर- शहीद वीर नारायण सिंह इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में 3 दिसंबर को होने वाले भारत–दक्षिण अफ्रीका वनडे को लेकर राजधानी में क्रिकेट बुखार लगातार चढ़ता जा रहा है। आज टीम इंडिया और दक्षिण अफ्रीका की टीमें रायपुर पहुंचेगी। रोहित शर्मा, विराट कोहली और टीम के अन्य स्टार खिलाड़ियों को देखने के लिए शहर के क्रिकेट प्रेमियों में जबरदस्त उत्साह देखा जा रहा है।
3 मैचों की वनडे सीरीज में भारत रांची वनडे जीतकर 1-0 से आगे है, ऐसे में रायपुर का मुकाबला निर्णायक बन सकता है।

ब्लैक टिकट बेचने वाले दो युवक पकड़े गए

मैच से पहले शहर में ब्लैक टिकट की रैकेट सक्रिय होने की सूचना पर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। 30 नवंबर की रात सिविल लाइन थाना क्षेत्र में भारत माता चौक के पास पुलिस ने घेराबंदी कर दो युवकों — ऋतिक माकीजा और देवव्रत माकीजा, दोनों निवासी फाफाडीह — को हिरासत में लिया।
थाना प्रभारी दीपक पासवान ने बताया कि आरोपी टिकट खरीदकर अधिक दामों में बेचने की कोशिश कर रहे थे। दोनों के खिलाफ प्रतिबंधात्मक धाराओं में कार्रवाई की गई है। पुलिस ने बताया कि ब्लैक टिकटिंग पर लगातार निगरानी रखी जा रही है।

टिकट काउंटर पर सुबह 4 बजे से लगी कतार, अफरा-तफरी मची

मैच के लिए पहले फेज में ऑनलाइन टिकट बुक करने वाले लोग इंडोर स्टेडियम पहुंचकर फिजिकल टिकट प्राप्त कर रहे हैं। वहीं छात्रों के लिए रिजर्व टिकटों की बिक्री सोमवार को शुरू हुई, जिसे लेकर अव्यवस्था की स्थिति बन गई।

काउंटर खुलने का समय सुबह 10 बजे था, लेकिन टिकट पाने की उम्मीद में युवाओं की भीड़ सुबह 4 बजे से ही जमा होने लगी।
जैसे-जैसे भीड़ बढ़ी, लाइन में धक्का-मुक्की शुरू हो गई। इसी बीच कुछ लड़कियों ने बैरिकेड तोड़ने की कोशिश की, जिसके बाद उनकी पुलिसकर्मियों के साथ बहस भी हो गई। भीड़ नियंत्रण के लिए पुलिस को हल्का बल प्रयोग करना पड़ा, तब जाकर स्थिति सामान्य हुई।

स्टेडियम के आसपास सुरक्षा कड़ी

मैच के मद्देनज़र पुलिस और जिला प्रशासन ने स्टेडियम के आसपास सुरक्षा व्यवस्था सख्त कर दी है। टीमों के आगमन से लेकर स्टेडियम के अंदर-बाहर तक पुलिस बल की तैनाती बढ़ा दी गई है। ट्रैफिक पुलिस ने भी भीड़ के मद्देनज़र विशेष प्लान तैयार किया है। रायपुर के क्रिकेट प्रेमियों में इस हाईप्रोफाइल मुकाबले को लेकर रोमांच चरम पर है। टीम इंडिया की जीत से सीरीज पर कब्जे की उम्मीदें भी मजबूत हैं।