5 करोड़ का फाउंटेन महीनों से बंद, महापौर ने की औचक जांच — ठेकेदार पर कार्रवाई के निर्देश

रायपुर। राजधानी के बूढ़ातालाब स्थित स्वामी विवेकानंद सरोवर में करीब 5 करोड़ रुपये की लागत से लगाया गया हाईटेक फाउंटेन महीनों से बंद पड़ा है। रोजाना यहां मॉर्निंग और इवनिंग वॉक करने वाले लोगों ने इसकी शिकायत महापौर मीनल चौबे से की। लोगों ने बताया कि फाउंटेन लंबे समय से शुरू ही नहीं हो रहा और किसी तरह की देखभाल भी नहीं की जा रही है।

शिकायत मिलते ही महापौर की औचक पहुंच

बिना किसी पूर्व सूचना के महापौर सीधे स्थल पर पहुंच गईं। मौके पर पहुंचकर उन्होंने देखा कि करोड़ों की लागत वाला फाउंटेन वाकई बंद पड़ा है और उसकी कोई नियमित मॉनिटरिंग या मेंटेनेंस नहीं किया जा रहा।

स्मार्ट सिटी अधिकारियों को मौके पर बुलाया

स्थिति गंभीर देखकर महापौर ने तुरंत स्मार्ट सिटी के अधिकारियों को मौके पर बुलाया। कुछ ही देर में उप अभियंता शुभम तिवारी और योगेंद्र साहू पहुंचे।

महापौर ने पूछा— इतना महंगा प्रोजेक्ट बंद कैसे?

महापौर मीनल चौबे ने अधिकारियों से पूछा कि

  • 5 करोड़ का फाउंटेन इतने महीनों से बंद क्यों है?

  • मेंटेनेंस किसकी जिम्मेदारी थी?

  • इसे शुरू क्यों नहीं करवाया गया?

अधिकारियों की ओर से कोई संतोषजनक जवाब नहीं मिला।

ठेकेदार पर कड़ी नाराजगी — सिक्योरिटी राशि राजसात करने के निर्देश

असंतोषजनक जवाब मिलने पर महापौर ने मौके पर ही ठेकेदार पर नाराजगी जताई और स्मार्ट सिटी को निर्देश दिए कि

  • संबंधित ठेकेदार को तुरंत नोटिस भेजा जाए

  • ठेकेदार की 5% सिक्योरिटी राशि लगभग 25 लाख रुपये राजसात करने की प्रक्रिया तुरंत शुरू की जाए

लोगों में नाराजगी

शहर के अहम पर्यटन स्थल पर करोड़ों की लागत का प्रोजेक्ट बंद पड़े होने से स्थानीय लोग नाराज हैं। लोगों का कहना है कि सरोवर की खूबसूरती फाउंटेन से ही बढ़ती है और इसके बंद रहने से पूरा इलाका बेरौनक दिखने लगा है।