बिलासपुर जिले के कोटा थाना क्षेत्र से दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। घोरामार गांव के रहने वाले धीरज साहू (25) की बेरहमी से हत्या कर दी गई। युवक 30 नवंबर की रात से लापता था। रविवार को उसकी लाश गांव के तालाब में मिली। शरीर पर धारदार हथियार के कई निशान थे और पसलियां टूटी हुई पाई गईं। पुलिस ने आशंका जताई है कि हत्या प्रेम प्रसंग को लेकर की गई हो सकती है।
खाना खाने के बाद निकला, फिर नहीं लौटा
मृतक धीरज साहू गांव से बाहर पोल्ट्री फार्म चलाता था। 30 नवंबर की रात वह घर पर खाना खाने के बाद फार्म जाने के लिए निकला था। लेकिन वह दोबारा वापस घर नहीं लौटा। परिजनों ने पहले खुद उसकी तलाश की लेकिन कोई सुराग नहीं मिला।
अगले दिन परिजनों ने कोटा थाने में गुमशुदगी की शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने तुरंत मामले की जांच शुरू की।
खैरागढ़ में बड़ा सरेंडर: CPI (माओवादी) के CCM रामधेर मज्जी सहित 12 नक्सलियों ने हथियार डाले
तकनीकी जांच में मिला फार्म के पास का लोकेशन
जांच के दौरान पुलिस ने धीरज के मोबाइल की लोकेशन खंगाली। उसका मोबाइल बंद था, लेकिन लास्ट लोकेशन पोल्ट्री फार्म के आसपास मिली। इसी आधार पर पुलिस उसकी खोज में लगी रही।
परिजन भी उसके करीबी और परिचितों से पूछताछ करते रहे, पर धीरज का कुछ पता नहीं चला।
ग्रामीणों ने तालाब में देखी लाश
रविवार सुबह ग्रामीणों ने तालाब में एक शव देखा। जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। शव की पहचान धीरज साहू के रूप में हुई।
शव को आसपास बड़े पत्थर से बांधकर तालाब में फेंका गया था, ताकि वह ऊपर न आए। शरीर पर धारदार हथियार से हमला करने के कई निशान थे। पुलिस का मानना है कि धीरज की हत्या कहीं और की गई और बाद में लाश तालाब में डाली गई।
प्रेम-प्रसंग में हत्या की आशंका
पुलिस ने प्रारंभिक जांच में प्रेम-प्रसंग से जुड़े विवाद को हत्या की मुख्य वजह माना है। हालांकि पुलिस अभी सभी संभावित पहलुओं पर जांच कर रही है और परिजन व धीरज से जुड़े लोगों से पूछताछ कर रही है।
ट्रेंडिंग Today- राष्ट्रीय गीत ‘वन्दे मातरम्’ के रचयिता बंकिमचंद्र चट्टोपाध्याय: देशभक्ति की भावना जगाने वाली अमर रचना की कहानी
पुलिस ने की जांच तेज
पुलिस ने कहा है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर जल्द ही हत्या का खुलासा किया जाएगा। गांव में इस सनसनीखेज हत्या के बाद लोगों में दहशत का माहौल है।
