गोवा नाइट क्लब आग हादसा: एक और आरोपी गिरफ्तार, दिल्ली निवासी अजय गुप्ता को पुलिस ने दबोचा

गोवा के बिर्च बाय रोमीओ लेन नाइट क्लब में हुए आग हादसे के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। इस मामले में फरार चल रहे आरोपी अजय गुप्ता, निवासी दिल्ली, को आखिरकार गिरफ्तार कर गोवा लाया गया है।

जानकारी के अनुसार, आरोपी के खिलाफ पहले ही लुकआउट सर्कुलर (LOC) जारी किया गया था ताकि वह देश या राज्य से बाहर न जा सके। लेकिन जब गोवा पुलिस की टीम उसके दिल्ली स्थित घर पहुंची, तो वह वहां से गायब मिला। इसके बाद अदालत की ओर से उसके खिलाफ गिरफ्तारी वारंट जारी किया गया था।

पुलिस की विशेष टीम ने लगातार पीछा करते हुए अजय गुप्ता को दिल्ली में ट्रेस किया और उसे हिरासत में लेकर गोवा ले जाया गया। नाइट क्लब आग हादसे में इससे पहले भी कई लोगों पर लापरवाही और सुरक्षा मानकों के उल्लंघन का आरोप लग चुका है।

गोवा पुलिस का कहना है कि अजय गुप्ता से पूछताछ के बाद इस मामले में और भी महत्वपूर्ण खुलासे हो सकते हैं। जांच अभी जारी है।