जांजगीर-चांपा। जिले में एक हृदयविदारक हादसा सामने आया है। हसदेव नदी में नहाने गए तीन नाबालिग छात्रों की डूबकर मौत हो गई। रेस्क्यू टीम ने लगातार 26 घंटे की तलाश के बाद गुरुवार सुबह तीनों के शव बरामद किए। बताया जा रहा है कि नहाते समय तीनों गहराई में चले गए थे और बाहर नहीं निकल पाए।
मृतकों में ASI का बेटा भी शामिल
हादसे में नेल्सन लकड़ा (15), युवराज राठौर (14) और रुद्र सिंह राज (11) की मौत हुई है।
-
नेल्सन लकड़ा, सक्ती जिले में पदस्थ ASI नजारियूस एक्का का बेटा था।
-
युवराज राठौर के पिता दिनेश राठौर प्लांट कर्मचारी हैं।
-
रुद्र सिंह राज के पिता जयचंद राज किराना दुकान संचालक हैं।
तीनों बच्चों के शव पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिए गए हैं।
नहाने गए थे, शाम तक घर नहीं लौटे
स्कूल में छुट्टी होने के कारण तीनों छात्र बुधवार सुबह करीब 10 बजे साइकिल से हनुमान धारा नहाने पहुंचे थे। जब शाम तक वे घर नहीं लौटे, तो परिजनों ने खोजबीन शुरू की। त्रिदेव घाट के पास उनकी साइकिल, कपड़े और चप्पलें मिलीं, जिसके बाद परिजनों ने पुलिस को सूचना दी।
26 घंटे चला रेस्क्यू अभियान
सूचना मिलते ही SDRF और पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और पूरे क्षेत्र में तलाशी अभियान शुरू किया। लगातार प्रयासों के बाद गुरुवार सुबह तीनों के शव नदी से बरामद कर लिए गए।
मृतक रुद्र कक्षा 5, युवराज कक्षा 8 और नेल्सन कक्षा 9 के छात्र थे। तीनों जगदल्ला कॉलोनी स्थित मनका पब्लिक स्कूल में पढ़ते थे।
हादसे के बाद पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल है। परिवारों का रो-रोकर बुरा हाल है।
