कोरबा। उरगा थाना क्षेत्र से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां कबाड़ व्यवसाय से जुड़े एक कारोबारी सहित तीन लोगों की निर्मम हत्या कर दी गई। ग्राम कुदरी स्थित स्क्रैप यार्ड में देर रात हुई इस वारदात से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया।
मृतकों में कबाड़ व्यवसायी अशरफ मेमन, बिलासपुर निवासी युवक और एक अन्य व्यक्ति शामिल हैं। पुलिस ने तीनों के शव बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया है।
स्क्रैप यार्ड में पहुंचने के बाद बढ़ा विवाद
जानकारी के अनुसार, पुराना कोरबा निवासी अशरफ मेमन बुधवार की रात अपने साथी और अन्य लोगों के साथ ग्राम कुदरी स्थित स्क्रैप यार्ड पहुंचा था। देर रात किसी बात को लेकर आपसी विवाद बढ़ गया, जिसके बाद आरोपियों ने अशरफ मेमन और दो अन्य लोगों की गला घोंटकर हत्या कर दी और मौके से फरार हो गए।
तीन संदिग्ध हिरासत में
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और छानबीन शुरू की। प्रारंभिक जांच के आधार पर पुलिस ने तीन संदिग्धों को हिरासत में लिया है, जिनसे पूछताछ जारी है।
इलाके में दहशत, जांच तेज
एक ही स्थान से तीन शव मिलने के बाद पूरे क्षेत्र में दहशत का माहौल है। पुलिस ने स्क्रैप यार्ड को सील कर दिया है और फॉरेंसिक टीम महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटा रही है।
पुलिस का कहना है कि विवाद की वजह और हत्या की पूरी परिस्थितियों की जांच की जा रही है। जल्द ही मामले का खुलासा किया जाएगा।
