रायपुर, 12 दिसंबर 2025 | न्यूज़ डेस्क
छत्तीसगढ़ विधानसभा के शीतकालीन सत्र से ठीक पहले कांग्रेस आज एक अहम रणनीतिक बैठक करने जा रही है। कांग्रेस विधायक दल की यह बैठक राजधानी रायपुर स्थित राजीव भवन में दोपहर बाद आयोजित होगी। बैठक की अध्यक्षता नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरणदास महंत करेंगे।
सूत्रों के मुताबिक इस बैठक में पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज सहित सभी वरिष्ठ विधायक और प्रमुख नेता भी मौजूद रहेंगे। आगामी सत्र के लिए कांग्रेस पूरी रणनीति तय करने वाली है।
सदन में सरकार को घेरने की तैयारी
कांग्रेस ने संकेत दिया है कि वह इस सत्र में सरकार को बड़े और जनहित के मुद्दों पर घेरने की योजना बना चुकी है। बैठक में जिन प्रमुख मुद्दों पर रणनीति बनेगी, उनमें शामिल हैं—
बिजली संकट और बढ़ते बिजली बिल
जमीन दर (Land Rate) को लेकर बढ़ती शिकायतें
धान खरीदी और किसानों से जुड़े सवाल
कानून-व्यवस्था पर लगातार उठ रही चिंताएं
विधायक दल की इस बैठक में इन मुद्दों पर विस्तृत चर्चा होने के साथ ही विपक्ष की तरफ से सदन में सवालों और विधायी रणनीति को अंतिम रूप दिया जाएगा।
सदन में गरमा सकता है माहौल
राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि कांग्रेस का यह बैठक बुलाना संकेत है कि शीतकालीन सत्र में विपक्ष आक्रामक रुख अपनाएगा। राज्य में बिजली संकट, किसान मुद्दों और अपराध के मामलों को लेकर कांग्रेस पहले ही सरकार को घेरती रही है। ऐसे में यह सत्र सरकार और विपक्ष के बीच टकराव का केंद्र बन सकता है।
