कवर्धा जिले में दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। एक नवविवाहिता का शव घर के सेप्टिक टैंक से बरामद किया गया। तेज बदबू फैलने पर परिवार और ग्रामीणों को शक हुआ, जिसके बाद पूरे मामले का खुलासा हुआ। मृतिका की पहचान कामिनी निषाद के रूप में हुई है, जिसकी शादी को अभी मात्र छह महीने ही हुए थे।
दो महीने से थी लापता, फूंकी गई थी गुमशुदगी की रिपोर्ट
कामिनी ने जुलाई 2025 में बांधाटोला निवासी भोजराज पटेल से लव मैरिज की थी। शादी के बाद वह ससुराल में रहने लगी। लेकिन ग्रामीणों के मुताबिक शादी से भोजराज का परिवार नाराज था।
शादी के दो महीने बाद, यानी सितंबर में कामिनी अचानक गायब हो गई। काफी तलाश के बावजूद जब कोई सुराग नहीं मिला तो भोजराज ने 7 नवंबर को थाने में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। इसके बाद पुलिस जांच कर रही थी, लेकिन कोई ठोस जानकारी नहीं मिल पाई।
तेज बदबू से खुला राज
गुरुवार को घर के सेप्टिक टैंक से तेज दुर्गंध उठनी शुरू हुई, जो दूर तक फैल गई। बदबू बढ़ने पर परिजन और ग्रामीण मौके पर पहुंचे और तुरंत पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने जब टैंक की जांच करवाई तो अंदर मानव शव दिखाई दिया।
ग्रामीणों की मदद से शव को बाहर निकाला गया। शव काफी हद तक डिकंपोज हो चुका था। पंचनामा के बाद पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया।
ससुर पर हत्या का शक, पूरा परिवार हिरासत में
मामले में ग्रामीणों ने कामिनी के ससुर जहर पटेल पर हत्या की आशंका जताई है। पुलिस ने ससुराल पक्ष के सभी सदस्यों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
पुलिस अधिकारी के अनुसार,
“पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट और पूछताछ के आधार पर मौत के कारणों का पता लगाया जाएगा। हर एंगल से मामले की जांच की जा रही है।”
गांव में मातम, पुलिस जांच जारी
इस घटना से पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई है। ग्रामीणों के अनुसार कामिनी और भोजराज आपस में एक-दूसरे को पसंद करते थे, लेकिन शादी से घरवाले खुश नहीं थे। ऐसे में अब पुलिस हत्या, घरेलू विवाद और दबाव जैसे सभी पहलुओं पर जांच कर रही है।
पुलिस को उम्मीद है कि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट और तकनीकी सबूत मामले की दिशा तय करेंगे।
