छत्तीसगढ़ और आंध्र प्रदेश राज्य सीमा पर बुधवार सुबह बड़ा सड़क हादसा हो गया। मारेडमिल्ली घाट रोड पर एक यात्री बस अनियंत्रित होकर गहरे खाई में पलट गई। हादसा इतना भीषण था कि मौके पर ही 9 यात्रियों की मौत हो गई, जबकि कई लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को तुरंत भद्राचलम अस्पताल में भर्ती कराया गया है। प्रशासन ने आशंका जताई है कि मृतकों की संख्या और बढ़ सकती है।
40 यात्री सवार थे बस में
जानकारी के अनुसार, बस अरकू से रायलासीमा स्थित चिंतूरू की ओर जा रही थी। बस में करीब 40 यात्री सवार थे। मारेडमिल्ली थाना क्षेत्र में घाट वाले मोड़ पर बस अचानक अनियंत्रित हो गई और गहरी खाई में जा गिरी। बस गिरते ही चीख-पुकार मच गई।
राहगीरों ने शुरू किया रेस्क्यू
हादसे के तुरंत बाद सड़क से गुजर रहे लोगों ने राहत-बचाव कार्य शुरू किया। कई लोगों को घायल अवस्था में बस से बाहर निकाला गया। इसी दौरान 9 मृतकों के शव भी बरामद किए गए।
प्रशासन सतर्क, रेस्क्यू जारी
ASR जिला कलेक्टर दिनेश कुमार ने बताया कि हादसा चिंटूरू और भद्राचलम के बीच स्थित घाट रोड पर हुआ है। सूचना मिलते ही पुलिस और SDRF की टीम मौके पर पहुंचकर रेस्क्यू ऑपरेशन में जुट गई है। बस में फंसे अन्य यात्रियों को निकालने का काम जारी है।
हादसे के कारणों की जांच आदेशित
अब तक हादसे का कारण स्पष्ट नहीं है, लेकिन प्रारंभिक अनुमान के अनुसार बस तेज मोड़ पर चालक के नियंत्रण खोने से पलटी। पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
