शिवराज सिंह चौहान की सुरक्षा बढ़ाई गई ISI से संभावित खतरे के इनपुट के बाद भोपाल और दिल्ली में कड़े इंतजाम

भोपाल। केंद्रीय गृह मंत्रालय से मिले खुफिया संकेतों के बाद केंद्रीय कृषि मंत्री और मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान की सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत कर दिया गया है। यह अतिरिक्त सुरक्षा शुक्रवार देर रात से भोपाल और दिल्ली दोनों स्थानों पर लागू कर दी गई है।

भोपाल में 74 बंगला क्षेत्र स्थित उनके सरकारी आवास के आसपास पुलिस द्वारा अतिरिक्त बैरिकेडिंग की गई है। इसके साथ ही आवास परिसर और आसपास तैनात सुरक्षा बलों की संख्या भी बढ़ा दी गई है, ताकि किसी भी संभावित खतरे से निपटा जा सके।

ISI से हमले की आशंका

सूत्रों के मुताबिक, शिवराज सिंह चौहान को पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी ISI से संभावित हमले की आशंका को लेकर इनपुट मिले हैं। इसी को देखते हुए सुरक्षा एजेंसियां पूरी तरह सतर्क हो गई हैं और सुरक्षा प्रोटोकॉल को और सख्त किया गया है।

आवास के बाहर कड़ी निगरानी

शिवराज सिंह चौहान के आवास के बाहर तैनात पुलिस अधिकारी सलीम खान ने बताया,

“हमें आज यहां ड्यूटी पर तैनात किया गया है। सुरक्षा व्यवस्था पूरी तरह व्यवस्थित है। गेट पर मेटल डिटेक्टर लगाए गए हैं और हर आने-जाने वाले पर नजर रखी जा रही है।”

सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट

दिल्ली स्थित आवास और कार्यक्रम स्थलों पर भी सुरक्षा बढ़ा दी गई है। खुफिया एजेंसियां लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं और किसी भी संदिग्ध गतिविधि पर तुरंत कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं।

फिलहाल प्रशासन की ओर से आम नागरिकों से शांति बनाए रखने और सुरक्षा जांच में सहयोग करने की अपील की गई है।