पंडित प्रदीप मिश्रा की शिव कथा आज से शुरू : नगपुरा में पुलिस की चाक-चौबंद व्यवस्था

दुर्ग। ग्राम नगपुरा में 17 दिसंबर से 21 दिसंबर 2025 तक आयोजित होने जा रही शिव महापुराण कथा को लेकर दुर्ग पुलिस ने व्यापक और चाक-चौबंद सुरक्षा व्यवस्था की है। प्रख्यात शिव कथा वाचक पंडित प्रदीप मिश्रा (सीहोर वाले) की कथा में प्रतिदिन लाखों श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना को देखते हुए पुलिस प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में है।

कथा आयोजन स्थल जैन मंदिर के पास ग्राम नगपुरा में निर्धारित किया गया है, जहां श्रद्धालुओं की भारी भीड़, वाहनों की आवाजाही और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए विशेष योजना बनाई गई है। दुर्ग पुलिस द्वारा आयोजन स्थल के आसपास सुरक्षा घेरा बनाया गया है, साथ ही यातायात व्यवस्था को सुचारू रखने के लिए अलग-अलग रूट डायवर्जन और पार्किंग स्थल चिन्हित किए गए हैं।

पुलिस प्रशासन ने बताया कि कथा स्थल पर पर्याप्त संख्या में पुलिस बल, महिला पुलिसकर्मी, ट्रैफिक पुलिस और स्वयंसेवकों की तैनाती की जाएगी। भीड़ प्रबंधन के लिए ड्रोन कैमरों और सीसीटीवी के माध्यम से निगरानी रखी जाएगी, ताकि किसी भी आपात स्थिति पर तुरंत कार्रवाई की जा सके। वरिष्ठ पुलिस अधिकारी स्वयं सुरक्षा व्यवस्था की मॉनिटरिंग करेंगे।

श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए मेडिकल टीम, एम्बुलेंस, अग्निशमन दल और आपातकालीन सेवाओं को भी तैनात किया जा रहा है। प्रशासन ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे तय किए गए मार्गों और पार्किंग व्यवस्था का पालन करें, अफवाहों से बचें और पुलिस व स्वयंसेवकों के निर्देशों का सहयोग करें।

पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि शांतिपूर्ण, सुरक्षित और सुव्यवस्थित आयोजन के लिए सभी आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं, ताकि श्रद्धालु बिना किसी असुविधा के शिव महापुराण कथा का आनंद ले सकें।